कोंच-उरई। अपर महानिदेशक स्टाम्प ने आज सब रजिस्ट्रार कार्यालय का औचक निरीक्षण किया जिसमें उन्हें खामियों के अंबार मिले। पिछड़े काम को लेकर बिफरे एडीजी ने सब रजिस्ट्रार को जमकर फटकार लगाई। कार्यालय की साफ सफाई और रखरखाव को लेकर भी उनकी खूब खबर ली गई। अनियमितताओं को लेकर गाहे बगाहे सुर्खियों में रहे सब रजिस्ट्रार दफ्तर की कई पोलें आज उस वक्त खुल कर सामने आ गईं जब लखनऊ से चल कर आये अपर महानिदेशक स्टाम्प अखिलेश कुमार चमन ने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। कामों को लेकर जब उन्होंने अभिलेख खंगाले तो उन्हें पेंडेंसी ही पेंडेंसी दिखाई दीं जिसे लेकर उन्होंने सब रजिस्ट्रार ज्ञानेन्द्रकुमार शुक्ला को जमकर फटकार लगाई और हिदायत दी कि लंबित कामों को अबिलंब निपटायें। कार्यालय में अभिलेखों के रखरखाव को लेकर भी सब रजिस्ट्रार को खरी खोटी सुनने को मिली। दफ्तर में गंदगी के तो अंबार ही लगे मिले, इसके अलावा परिसर के आसपास भी कूड़ा करकट पड़ा देख उन्होंने जरूरी निर्देश दिये। एडीजी स्टाम्प ने उन्हें निर्देश दिये कि जनता के साथ अच्छा वर्ताव करें, यहां आने बालों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिये। इस दौरान एआईजी कृष्णपाल सिंह, सब रजिस्ट्रार ज्ञानेन्द्र कुमार शुक्ला मौजूद रहे।

Leave a comment