कोंच-उरई। पुलिस की निष्क्रिय कार्यशैली के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं। दो दिन पहले एमएलसी रमा निरंजन के गांव रवा तथा घुसिया में तथा इससे पूर्व ग्राम चमेंड़ में बंदूक तक की हुई चोरी की वारदातों को लेकर पुलिस किसी नतीजे पर पहुंच पाती इससे पहले ही बीती रात ग्राम भदेवरा में एक बार फिर चोरों ने पुलिस को बड़ी चुनौती देते हुये एक घर से तकरीबन छह लाख का माल पार कर ले गये। गांव में बैसे तो चोरों की बारात कई गलियों में घूमी लेकिन बाकी जगह असफलता हाथ लगी। कोतवाली कोंच क्षेत्र में बेखौफ चोर लगातार पुलिस को चुनौती देने में लगे हैं। बीती रात ग्राम भदेवरा में चोरों की बारात पूरे गांव में घूमी और कई घरों में वारदात को अंजाम देने की कोशिश की लेकिन कतिपय कारणों के चलते उन्हें सफलता केवल एक ही घर में मिल सकी जहां से वे लगभग छह लाख के माल पर झाड़ू फेर कर आराम से निकल गये। गांव के निवासी साकेत विहारी पटेल पुत्र घनाराम बीती रात लगभग ग्यारह बजे सो गये थे और सुबह लगभग साढे छह बजे जब उनकी आंख खुली तो देखा कि उनके घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। कमरे में जब वे गये तो वहां अलमारी खुली पड़ी थी और कुछ सूटकेस व अन्य सामान गायब थे। इसी बीच उन्हें खबर मिली कि घर से लगभग सौ मीटर की दूरी पर स्थित मैंथा प्लांट के पास सूटकेस व अन्य सामान तितर बितर हालत में पड़े हैं। सूचना पर इलाकाई खेड़ा चैकी इंचार्ज उमेश सिंह ने मौके पर जाकर पड़ताल की। गृह स्वामी ने बताया कि हार तीन तोले का, जंजीर, झुमकी, अंगूठी, चूडियां, टॉप्स, अट्ठारह सिक्के चांदी के जिनकी अनुमानित कीमत लगभग छह लाख बताई गई है, के साथ पांच हजार नकदी पर चोरों ने हाथ साफ किया है। बताया गया है कि चोरों ने लल्लूसिंह पुत्र रामदास बंजारे के यहां भी लगभग बारह बजे रात में धावा बोला था लेकिन चोरों के दरबाजे के रास्ते ऊपर चढते वक्त दरबाजे के ऊपर रखी चट्टान अचानक नीचे धम्म से गिरी जिससे घरबालों की आंख खुल गई और उन्होंने टॉर्च की रोशनी में देखा तो कुछ लोग भागते नजर आये, इस प्रकार चोरों को उस घर से खाली हाथ भागना पड़ा। गांव बालों का आरोप है कि गांव में बड़े पैमाने पर जुआ होता है और बाहरी तत्वों का भी हर वक्त वहां जमावड़ा बना रहता है। चोरी की इस वारदात को जुआड़खाने से जोड़ कर देखने बालों की भी कमी नहीं है।
जुआरियों की गिरफ्त में है भदेवरा
हालांकि पूरा कोतवाली क्षेत्र ही जुआ जैसे सामाजिक अपराध की जकड़ में है और गांव गांव जुये के फड़ बड़े पैमाने पर चल रहे हैं। इन जुआड़खानों को पुलिस द्वारा संरक्षण दिये जाने के आरोप आम हैं। इन जुआड़खानों की बजह से गांवों में अराजकता का माहौल है और यह अपराध अन्य अपराधों को भी बढावा देने में लगा है। भदेवरा गांव की अगर बात करें तो ग्रामीणों का खुला आरोप है कि गांव में बड़े पैमाने पर जुये के फड़ लग रहे हैं। जुये के फड़ों से आजिज गांव की महिला लक्ष्मीदेवी ने बताया कि पूरा गांव ही जुआरियों की गिरफ्त में है और यहां कई जगह खुलेआम जुआ हो रहा है जिनमें बाहरी तत्व भी आते रहते हैं। इन जुये के अड्डों के कारण गांव में भय का माहौल बना हुआ है।





Leave a comment