उरई। शराब ठेकों पर जालौन में मनमाने ढंग से दाम वसूले जाने की शिकायतों के बाद उप जिलाधिकारी ने सभी ठेकों का आकस्मिक निरीक्षण किया। जिसमें शिकायत की पुष्टि होने पर उन्होंने जिलाधिकारी को इस बाबत अपनी रिपोर्ट भेज दी है। शराब ठेकेदार सपा शासन काल से ही इतने निरंकुश हो गये हैं कि उन्हें शासन, प्रशासन का कोई खौफ नही रह गया। इसलिए चाहे देशी शराब का ठेका हो, अंग्रेजी शराब का ठेका हो या बियर शाॅप प्रिंट रेट से ज्यादा दाम वसूले जाने की वजह से आये दिन ग्राहकों और सेल्समैन में झगड़ा होता था। उप जिलाधिकारी सौजन्य कुमार विकास ने इसे देखते हुए सभी ठेकों का आकस्मिक निरीक्षण कर डाला। जालौन में देशी शराब के चार बियर के तीन और अंग्रेजी शराब के दो ठेके हैं। इसके अलावा माॅडल शाॅप भी खुला है। हर जगह एसडीएम को प्रिंट रेट से ज्यादा दाम वसूले जाने की स्थिति देखने को मिली। साथ ही ठेकों के आसपास गंदगी का भी जमावड़ा उन्होंने देखा। इसे लेकर उन्होंने मौके पर ही सेल्समैनों की लानत-मलामत की। इसके बाद खिलाफ में एक रिपोर्ट जिलाधिकारी को भी भेज दी। अब देखना है कि ठेकेदारों पर कोई गाज गिरती है या नही।

Leave a comment