कोंच-उरई। पूरे कोंच को घर घर पानी भेजने की जिम्मेदारी उठा रहे जल संस्थान के नलकूप चालकों को पिछले तीन महीने से पगार नहीं मिलने के कारण उनके सामने परिवार की गाड़ी खींचने की बिकट समस्या आन खड़ी हुई है। इन ठेका कर्मचारियों ने आज एसडीएम सुरेश सोनी के समक्ष अपना दुखड़ा रोते हुये ज्ञापन दिया है। जल संस्थान कोंच के अंतर्गत नौ नलकूप संचालित हैं जो पूरे कस्बे को वाटर सप्लाई देने के लिये बतौर ऑपरेटर काम करते हैं। इन्हें ठेकेदार द्वारा बहुत ही कम मानदेय पर रखा गया है। इन ऑपरेटर्स को पिछले तीन महीने से मानदेय के नाम पर फूटी कौड़ी नहीं नसीब हुई है। इसके अलावा विभागीय सूत्रों से यह भी जानकारी मिली है कि अब किसी नये ठेकेदार की नियुक्ति हुई है। ऐसे में इनका मानदेय अधर में लटका दिखाई दे रहा है। नलकूप चालकों वीरेश कुमार, कमलकांत, पवन कुमार, जाहिद, इफ्तिखार अहमद और सीवेज पंप चालक जयराम ने आज एसडीएम के समक्ष अपना दुखड़ा सुनाते हुये ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में कहा गया है कि त्योहार सिर पर है और पिछले तीन महीने से मानदेय नहीं मिलने के कारण उनके परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गये हैं। उन्होंने अबिलंब मानदेय दिलाने की मांग करते हुये कहा है कि न मिलने की दशा में उनके समक्ष काम नहीं करने का भी विकल्प खुला है।





Leave a comment