उरई। सूबे में निजाम को बदले लगभग चार महीने होने को हैं लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में अभी तक लोग व्यवस्था में किसी तरह के बदलाव का एहसास नही कर पा रहे जो मौजूदा प्रदेश सरकार की साख के लिए गंभीर प्रश्न चिन्ह बना हुआ है। डकोर ब्लाॅक की टिमरों ग्राम पंचायत के दर्जनों सम्मानित ग्रामीणों ने इस क्षोभ की वजह से आखिर मुख्य विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर टिमरों में प्रधान और सचिव की मनमानी से हो रहे खेल की पुख्ता शिकायतें की हैं। ज्ञापन देने वालों में निर्माण समिति के अध्यक्ष बाबूलाल और प्रमुख समाजसेवी ठा. विजय सिंह के अलावा उदयवीर सिंह, धीरेंद्र सिंह, बृजेश आदि भी प्रमुखता से शामिल रहे। ज्ञापन में बताया गया है कि पंचायत की विधिवत बैठक कभी नही होती और मनमाने फैसलों के लिए फर्जी हस्ताक्षर प्रधान और सचिव द्वारा खुद ही कर लिये जाते हैं। आवास वितरण में किसी मानक का ख्याल न कर प्रधान ने चहेतों को पूरा लाभ दिया। इसके साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि मनरेगा मजदूरों का शोषण किया जा रहा है। उनकी मजदूरी में से बाद में भारी कमीशन ऐठ लिया जाता है। इन शिकायतों पर गंभीर रुख अख्तियार करते हुए सीडीओ ने बीडीओ से पूरी निष्पक्षता से जांच कराने को कहा है।

Leave a comment