उरई। पुलिस की शिथिलता का लाभ उठाकर ग्रामीण क्षेत्रों में मवेशी चोर गिरोह उत्पात मचाये हुए हैं। बीती रात रामपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ऊमरी नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष के फार्म हाउस से मवेशी चोर दो कीमती भैंसें लोडर से लादकर फरार हो गये। ऊमरी नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष बब्बू भदौरिया का खैरई ग्राम में फार्म हाउस है। जहां उन्होंने भैसें भी पाल रखी थीं। रात में मवेशी चोर गिरोह ने घात लगाकर डेढ़ लाख रुपये कीमत की उनकी दो भैसें हांक ली और लोडर में लादकर रफूचक्कर हो गये। क्षेत्र के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मवेशियों से भरा लोडर कुठौंद से शंकरपुर चैकी के सामने से गुजरता हुआ औरैया जाता देखा गया था। इससे यह साफ जाहिर है कि रात में जालौन औरैया प्रांतीय मार्ग पर पुलिस की गश्त नही रहती जिससे अराजक तत्व बेखौफ हो गये हैं। बब्बू भदौरिया ने उक्त मामले में पुलिस में तहरीर भी दे दी है।

Leave a comment