कोंच-उरई। ग्राम रवा में स्थापित देसी शराब ठेका हटवाने के लिये पूरे गांव के साथ एमएलसी रमा निरंजन भी खड़ी हैं और उन्होंने भी शासन तक इसे हटवाने के लिये पैरोकारी की है। मामले की जांच एसडीएम को मिली है और वे दो दफा गांव में जाकर निरीक्षण भी कर आये हैं। अभी तक इस मामले में किसी भी प्रकार की प्रगति नहीं देख एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन एसडीएम पर भी भड़क गये और उन्होंने उनसे न्याय नहीं मिलने का आरोप तक लगा डाला। एसडीएम के यहां अपने बयान दर्ज कराने के बाद आरपी ने साफ कहा कि उन्हें एसडीएम की जांच पर कतई भरोसा नहीं है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रवा में देसी शराब का एक ठेका होने के कारण वहां अराजकता का माहौल है, गांव में शराब पीकर आपस में झगडने की घटनायें आम हैं। गांव की अधिकांश आबादी इस ठेके को हटवाने की मांग कर रही है और वहां की निवासी एमएलसी रमा निरंजन ने इसके लिये उच्चाधिकारियों से लेकर शासन तक शिकायतें भेजी हैं। इन्हीं शिकायतों के मद्देनजर जांच एसडीएम सुरेश सोनी को मिली है। एसडीएम गांव जाकर दो बार जांच भी कर आये हैं लेकिन अभी तक नतीजा सिफर निकलने के कारण एमएलसी प्रतिनिधि काफी खफा हैं। कल वे यहां अपने बयान भी एसडीएम के यहां आये थे और उन्होंने दो टूक उनसे कह भी दिया है कि उन्हें उनसे न्याय मिलने की कतई उम्मीद नहीं है। एमएलसी प्रतिनिधि ने पत्रकारों से भी कहा कि उन्हें एसडीएम पर कतई भरोसा नहीं है लिहाजा वे उच्चाधिकारियों के संज्ञान में यह मामला ले जायेंगे क्योंकि ठेके के कारण गांव बुरी तरह बिगड़ रहा है। एसडीएम का कहना है कि वह जांच करके रिपोर्ट डीएम को भेज देंगे इसके बाद क्या होना है यह डीएम के लेबिल से तय होगा।

Leave a comment