उरई। तुलसी नगर में सिटी मजिस्ट्रेट ने सोमवार को दबिश देकर अवैध रूप से हो रहे तंबाखू मिश्रित गुटखे के निर्माण को रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया जिसे सिटी मजिस्ट्रेट ने कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया है। तुलसी नगर में उक्त मकान में लंबे अरसे से अवैध गुटखा निर्माण फैक्ट्री चल रही है। जिस पर प्रशासन की सख्ती के बावजूद रोक नही लग पा रही। कुछ दिनों पहले भी इस मकान पर सिटी मजिस्ट्रेट ने दबिश डाली थी और इसके एक हिस्से को सील कर दिया था। लेकिन जानकारी मिली कि इसके बाद भी गुटखे के निर्माण से इसके संचालक बाज नही आ रहे हैं। जिस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने आज फिर दबिश डाल दी। यहां राज गुटखा के नाम के रैपर, खराब सुपाड़ी, तंबाखू व घटिया कत्था बड़े पैमाने पर बरामद किया गया। कार्रवाई के समय फैक्ट्री में मौजूद रामजी गुप्ता को सिटी मजिस्ट्रेट नत्थू प्रसाद पाण्डेय ने हिरासत में लेकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि गुटखा माफियाओं के संबंध में जानकारियां इकटठी की जा रही हैं। अवैध रूप से गुटखा बनाने वाले किसी भी कारोबारी को छोड़ा नही जायेगा।

Leave a comment