
कोंच-उरई । पात्र गृहस्थियों जिन्हें खाद्यान्न का लाभ मिल रहा है, की सूची कोटेदार को अपनी दुकान के बाहर चस्पा करना अनिवार्य है। जो कोटेदार सूची नहीं चस्पा करेंगे उनको नोटिस जारी की जायेगी और उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही होगी। यह बात एसडीएम सुरेश सोनी ने बुधवार को राष्टï्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 सतर्कता समिति की बैठक के दौरान कही। उन्होंने यह भी कहा कि सतर्कता समिति के लोगों का यह दायित्व है कि वे पात्र गृहस्थियों का लाभ ले रहे अपात्रों को चिन्हित कर उनके नाम हटवायें और जो सही मायने में पात्र हैं उनके नाम शामिल करायें ताकि सरकार द्वारा दिया जा रहा लाभ वास्तविक पात्रों को मिल सके।
तहसील सभागार में आहूत उक्त बैठक के दौरान एसडीएम सोनी ने बताया कि राष्टï्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत गरीबों को न्यूनतम दरों पर खाद्यान्न एवं अन्य सामग्री उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है लेकिन देखने में आ रहा है कि इस सुविधा का लाभ तमाम अपात्र भी ले रहे हैं। ऐसे अपात्रों को हटाने के लिये यद्यपि सर्वे आदि कराये गये हैं लेकिन अभी भी पात्र गृहस्थियों की सूची में अपात्रों की भरमार है जिन्हें बाहर कराने का दायित्व समिति के लोगों का भी है। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्य यह भी सुनिश्चित करें कि कोटेदार की दुकान पर चयनित परिवारों की सूची आवश्यक रूप से चस्पा हो, जिन दुकानों पर सूची नहीं चस्पा है उन्हें नोटिस जारी कराये जायें और उनके खिलाफ कार्यवाही हो। सदस्य यह भी देखें कि उचित दर विक्रेता सभी परिवारों को खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रहा है या नहीं और सही दर पर उपलब्ध करा रहा है। समिति के एक सदस्य प्रतिपालसिंह गुर्जर ने यह भी सुझाव दिया कि समिति के लोगों के नामों की सूची भी दुकानों पर लगाई जाए। इस पर एसडीएम ने कहा कि दुकानदारों को यह निर्देश पहले ही दिये जा चुके हैं कि पेंट से समिति के सदस्ज्ञयों के नाम लिखाये जायें। इस दौरान तहसीलदार सतीश वर्मा, एआरओ अखिलेश कुमार, चिकित्साधीक्षक नदीगांव डॉ. देवेन्द्र कुमार, लिपिक चंद्रशेखर, प्रतिपालसिंह गुर्जर, बीईओ कोंच अजितकुमार, नदीगांव विजय बहादुर, बाल विकास विभाग से संपत पाल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नदीगांव चंदन पाल, राजेन्द्रकुमार दूरवार, गात्रीदेवी, श्रीदेवी आदि मौजूद रहे।
खाद्य सामग्री नहीं देता है कोटेदार

एक तरफ सरकार और प्रशासन गरीबों को खाद्यान्न दिनाने के लिये रणनीतियां बना रहे हैं तो दूसरी ओर कोटेदारों की मनमानी से गरीब उपभोक्ता परेशान हैं। ऐसी ही एक शिकायत पचीपुरा खुर्द के ग्रामीणों ने एसडीएम कोंच सुरेश सोनी से की है कि गांव का कोटेदार राशन कार्ड होने के बाबजूद उन्हें खाद्यान्न नहीं दे रहा है और उनके हिस्से की सामग्री कालाबाजार में बेच कर गरीबों का हक मार रहा है। सुरेशचंद्र, विजयसिंह, नंदराम, आज्ञाराम, लल्लू, राधेलाल, वनमाली, हरनामसिंह, भगवानदास, सुगरसिंह, कलू सहित तमाम ग्रामीणों ने बुधवार को एसडीएम को शिकायती पत्र देकर कहा है चूंकि उन लोगों ने नवनिर्वाचित प्रधान को वोट नहीं दिये थे इसलिये उनके कार्ड निरस्त करवाने का षड्यंत्र किया गया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच करा कर उन्हें खाद्यान्न दिलाने की मांग की है।






Leave a comment