कोंच-उरई । आजकल सोशल साइट पर डाली गई विवादित पोस्ट न केवल चर्चा का बिषय बनी है बल्कि प्रशासन ने भी उक्त पोस्ट को गंभीरता से संज्ञान में लिया है जिसके चलते मामले की जांच कर रहे कोंच कोतवाल सत्यदेव सिंह बीती देर शाम अचानक उक्त चर्चित मदरसे में पहुंच गये। मदरसे में पुलिस देख समुदाय बिशेष के दर्जनों लोग भी वहां पहुंच गये। बताते हैं कि पुलिस ने वहां मदरसा प्रबंधन से जुड़े लोगों से जरूरी पूछताछ भी की है। हालांकि कोतवाल इसे रुटीन और ऐहतियातन क्रियाकलाप बता रहे हैं।

पिछले दिनों एक फेसबुक अकाउंट पर कैलिया रोड स्थित एक मदरसे को लेकर विवादित पोस्ट डाली गई थी जिसे लेकर समुदाय बिशेष में दो गुट बने दिख रहे हैं। कल तहसील दिवस में भी एक गुट ने उक्त पोस्ट के खिलाफ तहसीलदार को ज्ञापन दिया था। बहरहाल, पोस्ट में कितनी हकीकत है और कितना फसाना यह तो बड़ी जांच का विंदु हो सकता है लेकिन बीती देर शाम अचानक से कोतवाली पुलिस का उक्त मदरसे में पहुंच जाना तमाम लोगों को हजम नहीं हो रहा है। सूत्रों की अगर मानें तो कोतवाल सत्यदेव सिंह ने उक्त मदरसे में न केवल गहराई से पड़ताल की है और अंदर जाकर एक एक कमरे का हिसाब लिया है, अपितु मदरसा प्रबंधन से जुड़े लोगों के बाबत भी जरूरी जानकारियां इकट्ठा की हैं तथा आईडी भी देखे। यह सारी पड़ताल किस उद्देश्य को लेकर की गई है इस बाबत तो कुछ नहीं पता लग सका अलबत्ता कोतवाल ने यह कह कर जरूर टरकाने का प्रयास किया है कि चूंकि नमाज हो रही थी और मामला विवादित है इसलिये वह ऐहतियात के तौर पर ही वहां गये थे।

Leave a comment