कोंच-उरई । कोतवाली क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने फिर पुलिस को चुनौती देते हुये बड़ी वारदात को अंजाम दिया है और रात में उन्होंने नगर के महंतनगर इलाकेमें एक घर में घुसकर लाखों के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ किया और बड़े आराम से निकल लिए।
मिली जानकारी के मुताबिक महंतनगर निवासी श्रीराम कुशवाहा अपनी ससुराल मकरनपुरा गांव में एक त्रियोदशी भोज में शामिल होने के लिए सपरिवार गये हुये थे। घर बिल्कुल सूना होने का फायदा चोरों ने उठाया और घर की दीवार फांद कर आंगन में और फिर कमरे का ताला तोड़ कर आराम से घर की तलाशी ली। सूटकेस, अलमारी, बक्से आदि खंगाल कर चोरों ने सोने की 4 चूडिय़ां, झुमकी, नथुनी, मंगलसूत्र, अंगूठी, विछुआ चांदी के पायलें, झलर पेटी एवं 60 हजार रूपये नकद चोरी कर ले गये। दूसरे दिन जब ग्रहस्वामी बापिस लौटा तो घर की अस्त ब्यस्त हालत देख हतप्रभ रहा गया। उसने तुरंत कोतवाली जाकर चोरी की तहरीर दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई थी।

Leave a comment