कोंच-उरई। पुलिस उपाधीक्षक के तौर पर कोंच सर्किल में पहली बार महिला अधिकारी के रूप में रुक्मिणी वर्मा ने शुक्रवार को अपना पद भार ग्रहण कर लिया है। चार्ज लेने के बाद मीडिया से औपचारिक भेंट में उन्होंने कहा कि कानून और व्यावस्था की स्थिति बनाये रखना उनकी प्राथमिकता होगी लेकिन इस काम में जन सहयोग बहुत ही जरूरी है क्योंकि बिना नागरिकों के सहयोग के पुलिसिंग नहीं हो सकती है। बुंदेलखंड की रग रग से बाकिफ नवागंतुक पुलिस उपाधीक्षक रुक्मिणी वर्मा मूलतः झांसी जनपद की रहने वाली हैं और 2008 बैच की इन अधिकारी को बुंदेलखंड में काम करने का तजुर्बा पहले से ही है। बर्ष 2013 से 15 तक वह ललितपुर जिले के नाराहट सर्किल में भी बतौर सीओ अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा चुकी हैं। फिलहाल अभी वह फैजाबाद में फूड सेल से स्थानांतरित होकर आई हैं और पुलिस कप्तान अमरेन्द्र प्रसाद सिंह ने उन्हें पिछले काफी समय से खाली पड़े कोंच सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी है। कोंच में व्यापक पैमाने पर होने बाले अबैध पशुबध और मवेशियों की तस्करी को लेकर उन्होंने कहा कि वह जल्दी ही कोतवाली पुलिस के साथ बैठक करके इस तरह के अपराधों की स्थिति जानने का प्रयास करूंगी, उनकी कोशिश होगी कि कोर्ट और सरकार की मंशा के अनुरूप कानून अपना काम करे। उन्होंने मीडिया से भी अपराध नियंत्रण में सहयोग की अपेक्षा जताई।

Leave a comment