कोंच-उरई। कोंच का बहुचर्चित मदरसा कांड पुलिस के लिये भी बड़ा सिरदर्द बनता जा रहा है। इस मामले को लेकर आये दिन शिकायतों से आजिज पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली में बुला कर समझा दिया है कि अपने अपने कागजी सुबूत पेश करो ताकि मामले की तह तक जाया जा सके। सीओ रुक्मिणी वर्मा ने भी दोनों पक्षों को संयम बरतने की सलाह देते हुये दो टूक कह दिया है इस मामले को ज्यादा तूल न दिया जाये, वह खुद मौका देख कर इलाकाई लोगों से बात करके आगे की कार्यवाही करेंगी। इस बीच किसी भी प्रकार की शांति भंग को कतई नहीं बर्दाश्त किया जायेगा। दरअसल, कस्बे के कैलिया रोड पर स्थित दरगाह खुर्रमशाह के पास चुंगी मिसमार हो जाने की स्थिति में पालिका प्रशासन ने तकिया के गद्दीनशीं शाह आसिफअली व उनके बेटे शाहनबाज शानू के खिलाफ कोतवाली में एफआईआर दर्ज करा दी थी। इस रिपोर्ट से आहत शाह ने विगत दिवस प्रेस मीट के माध्यम से अपनी बात रखते हुये खुद को पाक साफ बताया और इस पूरी कार्यवाही को इलाके के ही ठेकेदार हिफजुर्रहमान मुन्ना महाते और पालिका की सांठगांठ और उन पिता-पुत्र कि खिलाफ षड्यंत्र करार दिया था। मामला तब तूल पकड़ा जब शाहनबाज शानू ने 28 जुलाई को अपने फेसबुक अकाउंट पर पास ही स्थित एक मदरसे को लेकर विवादित पोस्ट डाल दी। इस मामले में शाह के विरोधी पक्ष के जमाल अहमद, रफीक, रियाज, कयूम, बसीम, मुमताज सहित आधा सैकड़ा लोगों ने पिता-पुत्र के खिलाफ संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत करवा दी। बहरहाल, अब यह मामला सुर्खियां बटोर रहा है और पुलिस के लिये बड़ा सिरदर्द बनता जा रहा है। आज कोतवाली में समाधान दिवस के दौरान कोतवाल सत्यदेव सिंह ने दोनों पक्षों को बुलवाया था, वहां भी काफी गर्मागर्मी हुई तब पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। सीओ रुक्मिणी वर्मा ने दोनों पक्षों से अपने अपने अभिलेखीय साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा है। उन्होंने दोनों पक्षों को संयम बरतने की भी चेतावनी दी, कहा कि शांति भंग की किसी भी कोशिश को कतई नहीं बर्दाश्त किया जायेगा, वह खुद मौके का निरीक्षण करेंगी और आसपास के लोगों से बात करने के बाद जो भी उचित कार्यवाही होगी, की जायेगी। कोतवाल ने मदरसे में नामांकित छात्रों का ब्यौरा भी मदरसा प्रबंधन से तलब किया है।

Leave a comment