उरई। पर्यावरण संकट से निपटने के लिए जन भागीदारी आवश्यक है। जागरूकता के अभाव में तेजी से पेड़ों की कटान हो रही है। यह आने वाली पीढ़ी के लिए बहुत कष्टदायी साबित होगा। सभी को संकल्प लेकर पेड़ो का संरक्षण करना होगा और पृथ्वी को हरा भरा करने के लिए पौधे लगाने होगें। यह बात अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी ने कही। वह पं. बेनी माधव तिवारी इंटर काॅलेज आटा में एक जागरूकता गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। वहां पर उन्होनें पौधे भी रोपित किये और जागरूकता रैली को भी रवाना किया। पं. बेनी माधव तिवारी इंटर काॅलेज में आज पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्ष सुरेंद्र नाथ तिवारी ने काॅलेज से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में छात्र-छात्राएं हाथों में तख्ती लेकर चल रही थीं और लोगों को पेड़ों का महत्व बताकर उन्हें पालने-पोषने का आहवान कर रहे थे। रैली के पूर्व जागरूकता गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि जीवन में जागरूकता की कमी नही होनी चाहिए। जागरूक रहकर तमाम समस्याओं का समाधान हम स्वयं  निकाल सकते हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि वह अपने अभिभावकों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने के लिए कहें। उन्हें पेड़ों से होने वाले फायदे बताएं। इसी के साथ उन्होनें बच्चों में अनुशासन का भाव देखकर शिक्षकों की प्रशंसा की। विशिष्ट अतिथि थानाध्यक्ष सुनील तिवारी ने भी पर्यावरण संरक्षण को जरूरी बताया। विशिष्ट अतिथि पूर्व ब्लाॅक प्रमुख सुदामा दीक्षित ने कहा कि जो पौधे लगाये जाते है उनका पालन-पोषण भी तय होना चाहिए। उन्होनें कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जो नियम कायदे बने हैं उनका पालन होना चाहिए। गोष्ठी को प्रधानाचार्य शैलेंद्र पाठक ने भी संबोधित किया। इस मौके पर हेमेंद्र, क्रमांक शुक्ला, शिवकुमार दीक्षित, विजय कुमार द्विवेदी, संतोष भास्कर, परमेश्वरी दयाल तिवारी, राहुल अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे।

Leave a comment