कोंच-उरई । कस्बे के जयप्रकाश नगर में दुकान को लेकर आज दो पक्षों में उस वक्त विवाद की स्थिति बन गई जब एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के हिस्से में कब्जा करने का प्रयास किया। मामला कोतवाली से लेकर उच्चाधिकारियों तक के संज्ञान में पहुंचने के बाद सीओ रुक्मिणी वर्मा खुद मौके पर पहुंच गई और निरीक्षण के बाद दोनों पक्षों को यथा स्थिति बनाये रखने के निर्देश दिये। मामला कोर्ट में भी चल रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक शमीम, शरीफ और आफाक पुत्रगण अब्दुल समद ने जयप्रकाश नगर स्थित एक दुकान लगभग छह सौ वर्ग फीट महावीर प्रसाद गुप्ता पुत्र रामगोपाल निवासी जयप्रकाश नगर को बेची थी जिमें महावीर निर्माण आदि करा रहे थे। इसी बीच आज दुकान विक्रेताओं के चचेरे भाई अब्दुल कलाम पुत्र छुटकाईं ने उक्त दुकान के एक हिस्से पर कब्जा करने के प्रयास में फावड़ा आदि चला दिया जिसकी शिकायत दूसरे पक्ष ने कोतवाली में कर दी। इसके अलावा यह मामला उच्चाधिकारियों के भी संज्ञान तक पहुंच गया। हालांकि खेड़ा चौकी इंचार्ज ने घंटे भर की मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांति बनाये रखने के लिये राजी कर लिया था, लेकिन चूंकि मामला बड़े अधिकारियों के भी संज्ञान में था लिहाजा सीओ रुक्मिणी वर्मा भी मौके पर पहुंच गईं और मौके का निरीक्षण कर दोनों पक्षों को यथा स्थिति तब तक बनाये रखने के लिये निर्देशित किया जब तक मामला कोर्ट से निर्णीत नहीं हो जाता है। कोर्ट में पेशी की अगली तारीख 18 अगस्त लगी है, सीओ ने अब्दुल कलाम से मुकदमा बापिस लेने के बाद ही दीवार आदि उठाने के लिये कह दिया है।

 

Leave a comment