कोंच-उरई । भाई बहिन के पवित्र प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन त्योहार यहां परंपरागत रूप से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाई की कलाइयों पर रक्षासूत्र बांधा और माथे पर तिलक लगा कर उनके दीर्घायु की कामना की, तो वहीं भाइयों ने भी उनकी रक्षा का वचन देते हुये उन्हें उपहार दिये।

आदि काल से चली आ रही परंपरा को आगे बढाते हुये सोमवार को रक्षाबंधन पर्व यहां उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। दैनंदिन कार्यों से निवृत्त होकर लोगों ने मंदिरों में जाकर भगवान की पूजा अर्चना की और पहली राखी भगवान को ही समर्पित की। इसके बाद नये लकदक कपड़ों में सजे भाइयों की कलाइयों पर बहनों ने प्यार के दो धागे बांध कर भाई बहिन के पवित्र प्यार को और भी मजबूत किया। रक्षासूत्र बांध कर बहनों ने उनके माथे पर तिलक किया और मुंह मीठा करा कर उनकी आरती उतारी तथा उनकी लंबी आयु की कामना की। भाइयों ने भी उनको बेशकीमती उपहार भेंट किये तथा हर पल उनकी रक्षा करने का वचन दिया। बाजारों में आज त्योहार की बजह से रौनक कम दिखी और राखियों तथा मिठाई की दुकानों पर ही थोड़ी बहुत ग्राहकी दिखी। यही एक ऐसा त्योहार है जिस पर शादीशुदा बहनें भी बिन बुलाई दौड़ी भाई के घर चली आती हैं और भाइयों को स्नेह भरा रक्षासूत्र बांध कर भाई बहन के रिश्ते को और भी प्रगाढता प्रदान करती हैं। इस पर्व पर लोगों ने मंदिरों में भी जाकर मत्था टेका और ईश्वर से घर में सुख शांति बनाये रखने की कामना की।

 

Leave a comment