उरई। जिला प्रभारी मंत्री/कारागार राज्य मंत्री जयकुमार जैकी ने आज बुधवार को विकास भवन सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा में जिस तरह से तेवर दिखाये उससे कागजी कार्यवाही में निपुणता हासिल करने वाले अधिकारी जहां बगले झांकते नजर आये तो वहीं बैठक में शामिल होने आयी सीएमओ को उन्होंने माधौगढ़ क्षेत्र के एक अस्पताल का नाम लेकर बताया कि वहां पर कोई चिकित्सक व स्टाफ आता ही नहीं। तो बीएसए को भी जमीनी हकीकत का आइना दिखाकर सुधरने की चेतावनी दे डाली। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता से जब मंत्री जी ने सवाल किया कि बगैर रीडिंग लिये उपभोक्ताओं को बिल कैसे थमाये जा रहे है इसका वह कोई जबाब नहीं दे पाये। इतना ही नहीं उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान को पलीता लगाने वाले अधिकारियों से साफ शब्दों में कहा कि उन्हें धरातल पर काम चाहिये बरना शासन स्तर से कार्यवाही के लिये तैयार रहें।

विकास भवन सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुये प्रभारी मंत्री जयकुमार जैकी ने कहा कि शासन से स्वास्थ्य विभाग में तैनात चिकित्सकों व अन्य कर्मचारियों को नियमित वेतन दिया जा रहा है इसके बाद भी वह अपनी ड्यूटी से गायब रहते हैं। इस पर उन्होंने सीएमओ अल्पना बरतारिया जो बैठक में शामिल आयी तो उन्हें बैठक से बाहर करते हुये निर्देश दिये कि पहले वह उस अस्पताल का निरीक्षण करके आये जहां कभी चिकित्सा कर्मी जाते ही नहीं है। मंत्री जी के तेवर यहीं तक सीमित नहीं रहे जनपद में आने के दौरान ही उन्होंने आटा थाना क्षेत्र के एक परिषदीय विद्यालय का निरीक्षण किया तो वहां का नजारा देखकर वह दंग रह गये। जहां शिक्षक की ड्यूटी से गायब थे तो विद्यालय के कमरों में चीटों के झुण्ड पूरे कमरे में चहल कदमी कर रहे थे। उन्होंने बीएसए को चेतावनी दी कि वह धरातल का ध्यान रखे और शत प्रतिशत शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय में पहुंचकर बच्चों को शिक्षित करें। बैठक के दौरान जब कारागार राज्यमंत्री ने अधीक्षण अभियंता किशन सिंह ने जब सवाल किया कि बगैर रीडिंग लिये उपभोक्ताओं को बिल थमाये जा रहे हैं यह व्यवस्था कब तक चलेगी इस पर वह कोई जबाब नहीं दे पाये तो मंत्री जी ने दूसरा सवाल दागा कि जनपद में कितने घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। तो वह कोई जबाब नहीं दे पाये। विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में स्वच्छ भारत अभियान की जमीनी हकीकत से जब अधिकारियों को अवगत कराया कि जिम्मेदार अधिकारी ही स्वच्छ भारत अभियान को पलीता लगा रहे हैं इसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। हैरत की बात तो यह है कि जो शौचालय निर्मित कराये गये हैं उनमें महज 20 फीसदी का ही उपयोग किया जा रही हैं यह जमीनी हकीकत है। उन्होंने कहा कि चूंकि स्वच्छ भारत मिशन अभियान पीएम की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। बैठक में मंत्री जी ने कहा कि अब शासन ने आयोजित होने वाले तहसील दिवस को संपूर्ण समाधान दिवस के रूप में आयोजित होते हैं इसमें दर्ज होने वाली हर शिकायत का एक निश्चित समय सीमा में निस्तारण कराना सुनिश्चित होगा। लंबी समीक्षा बैठक में शामिल होने आये अधिकारी बैठक खत्म होने के बाद जैसे ही एसी कक्ष से बाहर निकले तब भी उनके माथे पर पसीना झलकता दिखा। बैठक में जिलाधिकारी नरेंद्र शंकर पांडेय, पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, विधायक कालपी नरेंद्रपाल सिंह जादौन, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, सीडीओ एसपी सिंह सहित अनेकों विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a comment