उरई। फर्जी रेपर लगाकर नकली शराब बेचने वाले गिरोह के सरगना को पुलिस ने आज अपनी कार से शराब ढोकर ले जाते समय गिरफ्तार कर लिया। उसका एक अन्य साथी भाग निकला। मौके से भारी मात्रा में शराब और रेपर बरामद किये गये। अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी के निर्देशन में स्वाॅट टीम द्वारा अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ कई दिनों से सुरागरशी की जा रही थी जिसके तहत आज सटीक सूचना पर राजेंद्र नगर में हनुमान चबूतरा के पास इकलासपुरा निवासी राजा सिंह पुत्र हरीशंकर सिंह को स्वाॅट टीम प्रभारी आनंद सिंह ने उसकी अल्टो कार नं. यूपी 9 वी 8883 से जाते समय घेरकर दबोच लिया। कार में से पांच पेटी अवैध शराब के क्वार्टर जब्त किये गये जिनपर पटियाला विस्की पंजाब के नकली रेपर जड़े हुए थे। कार्रवाई के दौरान उसका साथी धर्मेंद्र निकल भागा। जिसका पास में ही मकान है। उसके मकान की तलाशी में पुलिस ने 90 पेटी और अवैध शराब, नकली रेपर व मोनोग्राम तथा बड़ी मात्रा में खाली क्वार्टर बरामद किये। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और काॅपी राइट एक्ट के उल्लंघन की धाराओं में मुकदमें कायम किये हैं। अल्टो कार को सीज कर दिया गया है जबकि राजा सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। धर्मेंद्र की तलाश जारी है।





Leave a comment