जालौन-उरई । समाजसेवी की सतर्कता से एक भारतीय स्टेट बैंक के उपभोक्ता के खाते से 86 हजार रुपये जाते-जाते बचे।

कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तोपखाना निवासी इरशाद का खाता भारतीय स्टेट बैंक में है। सोमवार की सुबह उनके मोबाइल नंबर पर फोन कर एक व्यक्ति ने बताया कि वह स्टेट बैंक का अधिकारी बोल रहा है। उसका एटीएम कार्ड बंद होने वाला है इसलिए वह एटीएम का 16 अंकों वाला नंबर व अपना आधार नंबर दे। जिस पर इरशाद ने फोन करने वाले व्यक्ति को एटीएम कार्ड का नंबर व आधार नंबर दे दिया। तभी वहां समाजसेवी अशफाक राईन पहुंच गए। इरशाद ने अशफाक राईन को पूरी बात बताई। जिसके बाद अशफाक ने उन्हें बताया कि बैंक से ऐसी कोई काॅल नहीं आती है। ऐसी काॅल करने वाले सभी फ्राॅड होते हैं। इसके बाद उन्होंने बैंक के हैड आॅफिस में फोन मिलाकर घटना की जानकारी देते हुए एटीएम कार्ड लाॅक करने के लिए कहा। जिसके बाद बैंक की ओर से एटीएम लाॅक कर दिया। इस तरह से समाजसेवी की सतर्कता से इरशाद के खाते में पड़े 86 हजार रुपये जाते, जाते बच गए। बताते चलें कि रविवार को भी मोहल्ला तोपखाना निवासी डा रवि कुमार के खाते से इसी तरह एटीएम व आधार नंबर पूछकर 75 हजार रुपये उड़ाए जा चुके हैं।

 

 

Leave a comment