जालौन-उरई । संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान आई शिकायतों का निस्तारण अधिकारी हर हाल में एक सप्ताह के अंदर कराना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की हीला हवाली कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बात संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान अपर जिलाधिकारी आरके सिंह उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों के समक्ष कही।

अपर जिलाधिकारी आरके सिंह की अध्यक्षता एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी की उपस्थिति में स्थानीय तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 24 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। पंजीकृत हुई शिकायतों में सबसे अधिक 10 शिकायतें राजस्व विभाग, पुलिस विभाग की 6, मंडी सचिव 2, एडीओ पंचायत 2, बिजली विभाग, खंड शिक्षा अधिकारी, पूर्ति विभाग व जल निगम की एक एक शिकायत पंजीकृत हुई। सभी शिकायतें के निस्तारण के लिए उपजिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई की भी बात कही। इस मौके पर उपजिलाधिकारी भैरपाल सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय कुमार शर्मा, तहसीलदार भूपाल सिंह, बीडीओ मनोज कुमार, कोतवाल महाराज सिंह तोमर, पूर्ति अधिकारी मनोज तिवारी, नगर पालिका प्रधान लिपिक रविंदर सलूजा आदि उपस्थित रहे।

Leave a comment