कोंच-उरई। अव्यवस्थाओं के पुलिंदे कोंच के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का शुक्रवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अल्पना बरतारिया ने निरीक्षण किया जिसमें अस्पताल परिसर में बेतहाशा उग आये झाड़ झंखाड़ों की दो दिन में सफाई कराने के निर्देश उन्होंने दिये लेकिन अस्पताल की व्यवस्थाओं को उनकी नजर में ऑल इज वैल कह कर जाने दिया गया। विगत कई महीनों से एक्स-रे ऑपरेटर के नहीं होने से मरीजों को हो रही दिक्कतों पर उन्होंने ज्यादा लोड नहीं लिया और यह कर पल्ला झाडने की कोशिश की कि उनके पास कर्मचारी नहीं हैं, अलबत्ता बिना किसी सूचना के महीनों से नदारत दो कर्मचारियों को लेकर उन्होंने जरूर कहा कि उनकी रिपोर्ट शासन को भेजी जायेगी।
सीएमओ के निरीक्षण को लेकर हालांकि पहले से ही तैयारियां कर ली गई थीं और सारा स्टाफ अलर्ट पोजीशन में था जिसके चलते उन्हें अस्पताल के अंदर ज्यादा गड़बड़ी नहीं दिखी लेकिन अस्पताल परिसर के बाहर और स्टाफ आवासों की तरफ बेतहाशा उग आये झाड़ झंखाड़ों पर जब उनकी नजर पड़ी तो उन्होंने सीएचसी अधीक्षक को आड़े हाथों लेते हुये दो दिन में प्राइवेट कर्मचारी लगा कर साफ सफाई कराने के कड़े निर्देश जरूर दे डाले। मीडिया के लोगों ने जब अस्पताल के दो कर्मचारियों के बिना किसी सूचना के महीनों से नदारत होने का मसला उठाया तो सीएमओ ने कहा कि दोनों के खिलाफ शासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है। अस्पताल में एक्स-रे मशीन उपलब्ध होने के बाबजूद ऑपरेटर के नहीं होने से मरीजों को होने बाली दिक्कतों की बात जब उन्हें बताई गई तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुये कहा कि उनके पास कर्मचारी नहीं हैं।

Leave a comment