कोंच-उरई । लोगों की खासतौर पर राजस्व से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण के लिये आयोजित समाधान दिवस में आज सर्किल के तीन थानों में कुल 19 शिकायतें दर्ज की गईं जिसमें तीन का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। एडीएम व एएसपी ने भी कई थानों का निरीक्षण कर शिकायतों के निस्तारण की स्थिति देखी और अधीनस्थों को इस बाबत कड़े निर्देश दिये कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाये ताकि एक ही समस्या के लिये लोगों को बार बार थानों का रुख न करना पड़े। अपर एसपी सुरेन्द्रनाथ तिवारी ने भी अधीनस्थों को हिदायत दी कि राजस्व से बाबस्ता समस्याओं के निस्तारण में राजस्व के अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल के साथ काम करें।

कोतवाली कोंच में निपटे समाधान दिवस में कुल 13 शिकायतें आईं जिनमें 2 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। अपर जिलाधिकारी आरके सिंह और एएसपी सुरेन्द्रनाथ तिवारी ने भी समाधान दिवस का निरीक्षण किया और पिछली समस्याओं के निस्तारण की स्थिति देख कर जरूरी दिशा निर्देश अधीनस्थों को दिये। कौशलपुर के प्रेम नारायण वर्मा ने खेतों को चर रहे छुट्टा मवेशियों की शिकायत की, कस्बे के अधिवक्ता जुगलकिशोर अग्रवाल ने डायल 100 की कार्यशैली को रेखांकित करने बाला प्रार्थना पत्र देकर कहा कि यूपी 100 की पुलिस बालू लदे वाहनों से अबैध बसूली करती है और अपने कार्यक्षेत्र से बाहर जाकर दो पहिया वाहनों की चेकिंग के नाम पर गरीबों का शोषण करती है। इसके अलावा अन्य प्रार्थना पत्र खेतों पर अबैध कब्जों, मेंड़ मिसमार करने एवं बीच रास्ते में लैट्रिन टेंक खोदने आदि से संबंधित शिकायतें आईं। कोतवाल सत्यदेव सिंह, एसएसआई मनोजकुमार सिंह सहित कई थानेदार थी मौजूद रहे। कैलिया थाने में तहसीलदार सतीश वर्मा की अध्यक्षता में निपटे समाधान दिवस में कुल 3 शिकायतें आईं जिनमें 1 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। एसओ प्रभुनाथ मौजूद रहे। उधर, नदीगांव थाने में एसओ रवीन्द्र कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुये समाधान दिवस में कुल 5 प्रार्थना पत्र आये जिनमें 2 का समाधान मौके पर किया गया। एडीएम और एएसपी ने वहां भी निरीक्षण किया। एट थाने में एसओ चंद्रशेखर दुवे की अध्यक्षता में आई सभी 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

Leave a comment