उरई। एट थाने के वर्ध में मां द्वारा अपनी दो मासूम संतानों को मारकर कुएं में फेकने के बाद खुद फांसी पर लटक जाने के मामले में मृतका के पिता ने उसके पति, ससुर, सास व दो ननदों के खिलाफ दहेज के लिए खुदकुशी को मजबूर करने का मुकदमा पुलिस में दर्ज कराया है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नही हो पाई है। गुरुवार को एट थाना अंतर्गत वर्ध गांव में शाम को विनोद के घर उसकी पत्नी सुंदरी का शव फांसी पर झूलता मिलने के बाद सनसनी मच गई थी। बाद में घर के कुएं में उसके दोनों बच्चे भी मृत पाये गये। इस वारदात की वजह से पूरे इलाके में दहशत व्याप्त रही। घटना के संबंध में मृतका के पति सहित ससुराल के लोग घर में न होने का बहाना बनाकर कोई जानकारी देने से कतराते रहे। शुक्रवार को मध्य प्रदेश के दतिया जिले के बड़ौनी थाना अंर्तगत किटसूरा निवासी मृतका सुंदरी का पिता कालीचरण जब वर्ध पहुंचा तो उसने स्थिति साफ की। घटना को लेकर एट थाने में दी तहरीर में उसने बताया कि उसने सुंदरी की शादी विनोद से 2011 में की थी। शुरू में मामला ठीक रहा लेकिन लड़की पैदा होने के बाद सुंदरी के साथ बेदर्दी का व्यवहार होने लगा और उस पर मायके से विनोद के लिए मोटर साइकिल की व्यवस्था कराने का दबाव डाला जाने लगा। सुंदरी के उत्पीड़न की बात उसकी भी जानकारी में आई तो उसने प्रयास किया कि उसके पति और व ससुराल के अन्य लोग किसी तरह मान जाये और समझदारी का परिचय दें लेकिन उनका जुल्म सुंदरी पर बढ़ता ही गया। जिसमें विनोद के साथ उसका पिता रतन सिंह, मां रामजानकी और बहने संजू पत्नी संजीव पटेल निवासी कटकरी व पूजा पत्नी देवेंद्र निवासी कैथी भी शामिल रहते थे। जिंदगी नारकीय बन जाने के बाद गुरुवार को सुंदरी ने बच्चों को मारकर खुद मर जाने का खतरनाक कदम उठा डाला। जिसके लिए उक्त ससुराली जन पूरी तरह जिम्मेदार हैं। एट पुलिस ने कालीचरण की तहरीर पर सुंदरी के उक्त सभी ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।






Leave a comment