कोंच-उरई। आज दोपहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चंदुर्रा में कतिपय महिलाओं ने प्राथमिक विद्यालय के एक टीचर की किसी बात को लेकर पिटाई कर दी। मामला हालांकि कोतवाली तक पहुंच गया था और महिलायें भी आ गईं थीं लेकिन अंततः गांव के लोगों ने बीच में पड़ कर दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। प्राथमिक विद्यालय चंदुर्रा में कार्यरत सहायक अध्यापक देवकुमार कक्षा में पढा रहे थे, कक्षा में गांव के रामबाबू का बच्चा भी पढता है, वह अपने साथ अपने छोटे भाई को भी लाया था और बच्चों का पिता रामबाबू भी बिना नामांकन वाले बच्चे के लिये ड्रेस मांगने लगा। टीचर ने उससे कहा कि वह अपने छोटे बच्चे को स्कूल न भेज कर आंगनबाड़ी केन्द्र में भेजा करे क्योंकि अगर स्कूल में उसके साथ कुछ घटना घट गई तो जिम्मेदार कौन होगा। रामबाबू अपने घर चला गया और वहां से रामबाबू की पत्नी सुधा तथा उसकी जेठानी आ गईं। देवकुमार का आरोप है कि इन महिलाओं ने उसकी पिटाई कर दी। इधर, महिलाओं का कहना है कि वह अध्यापक से बात करने गई थी लेकिन अध्यापक ने उसे धक्का मार दिया जिससे वह जमीन पर गिर गई। बहरहाल, कोतवाली पहुंचे गांव के कतिपय भले लोगों ने बीच में पड़ कर सुलह करवा दी है। कोतवाल सत्यदेव सिंह ने बताया है कि दोनों पक्ष समझौता करने पर राजी हो गये इसलिये कार्यवाही नहीं की गई। एक अन्य मारपीट के मामले में भी दोनों पक्ष समझौता करने पर राजी हो गये हैं। यह घटना कस्बे के मोहल्ला लाजपत नगर मोहल्ले की है जिसमें पिंटू सोनी का पप्पू मोंठ बाले व आमिर से विवाद हो गया था।

Leave a comment