कोंच-उरई। कृषि उत्पादन मंडी समिति ने जागरूकता गोष्ठी आहूत कर किसानों और व्यापारियों को ई-ट्रेडिंग से जुडने की वकालत की। विशेषज्ञों ने बताया कि आज के दौर में किसानों को उनकी उपज का बाजिब मूल्य मिले, इस दिशा में केन्द्र और राज्य सरकार प्रयास कर रहीं हैं जिसके तहत ई-नाम पोर्टल विकसित किया गया है। किसानों और व्यापारियों को यह पोर्टल अपना कर अपनी आमदनी बढाने का प्रयास करना चाहिये।गल्ला मंडी में राष्ट्रीय कृषि बाजार योजना के तहत गोष्ठी का आयोजन भाकियू के प्रदेशीय उपाध्यक्ष डॉ. केदार नाथ सिमिरिया की अध्यक्षता तथा एसडीएम/मंडी सभापति सुरेश सोनी के मुख्य आतिथ्य, भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि अनुरुद्ध मिश्रा, जिला कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, भाकियू तहसील अध्यक्ष चतुरसिंह, गल्ला व्यापारी समिति के अध्यक्ष अजय गोयल, मैंथा गल्ला थोक व्यापारी कल्याण समिति के अध्यक्ष अजय रावत, सब्जी व्यापारी समिति के अध्यक्ष आफाक अहमद राइन आदि के विशिष्ट आतिथ्य में किया गया। एसडीएम ने कहा कि अब वह दौर खत्म हो चुका है जब किसान परंपरागत खेती करके घाटे का सौदा करते थे। अब उन्नतिशील किसान मृदा परीक्षण करा कर आवश्यकतानुसार उर्वरक, कीट नाशक और संतुलित मात्रा में अच्छे किस्म के बीजों का उपयोग कर जहां अपनी फसल की पैदावार बढा रहे हैं, वहीं ई-ट्रेडिंग अपना कर देश भी की मंडियों से जुड़ कर ऊंची कीमत पर अपनी उपज बेच कर अपनी आय बढा रहे हैं। मंडी सचिव डॉ. दिलीप कुमार वर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश की एक सौ मंडियों में ई-बाजार व्यवस्था लागू की गई है जिसमें कोंच मंडी भी शामिल है। उन्होंने ई-नाम पोर्टल को किसानों और व्यापारियों के लिये आज की जरूरत बताते हुये इसे अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ई-नाम पोर्टल पर जाकर किसान अपनी उपज उस मंडी में बेच सकने का विकल्प अपना सकते हैंजहां उसकी जिंस की कीमत सबसे ज्यादा हो। ट्रेनर्स मुनीष शर्मा, हिमांशु गुप्ता ने पोर्टल के तकनीकी पहलुओं के बाबत जानकारी दी। गोष्ठी को अन्य मंचस्थ अतिथियों ने भी संबोधित करते हुये नई तकनीक अपना कर कृषि आय और व्यापार में मुनाफा बढाने पर जोर दिया। संचालन सुनील लोहिया ने किया। इससे पूर्व रविकुमार, बलवान सिंह, अजीम, अखिलेश कुमार, हरीशंकर नगाइच, अशोक सिंह, आशीष, राजीव कुमार पटेल बॉबी, विजय अग्रवाल, सुमित कुशवाहा, दिनेश खिल्ली, अंशुल मिश्रा, प्रदीप गिरवासिया, सुरेश सर्राफ, विनोद लौना, सतीशचंद्र आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। आभार मंडी सचिव ने जताया।





Leave a comment