कोंच-उरई। बीती रात कैलिया थाने के ग्राम भेंपता में अज्ञात चोरों ने प्रधान के घर में धावा बोल कर तकरीबन नौ लाख के माल पर झाड़ू फेर दी। बताया गया है कि सीढियों के रास्ते चोर घर में उतरे और आराम से स्टोरवैल खोल कर नकदी व जेबर पर हाथ साफ कर दिया। अलस्सुबह जब गृह स्वामिनी की आंख खुली तब चोरी का पता लगा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कमोवेश हर चोरी की तरह इस चोरी को संदिग्ध बता डाला। मिली जानकारी के मुताबिक सर्किल कोंच के कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम भेंपता के प्रधान शिवराज सिंह पुत्र गोविंदराम पटेल बीती रात अपने परिवारीजनों के साथ घर के आंगन में सोये हुये थे। उनके कमरे में रखी स्टोरवैल की चाभी उनके तकिये के नीचे रखी थी। रात के किसी वक्त अज्ञात चोर छत के रास्ते सीढियों से उतर कर घर में दाखिल हुये और कमरे में रखी स्टोरवैल तक पहुंच गये। चोरों ने बड़े आराम से स्टोरवैल का लॉक खोला और उसका सारा सामान एक बैग में भर कर मेन गेट खोल कर बाहर ले गये। समीप ही स्थित रामकिंकर दुवे के बगीचे में ले गये और छटनी करके बेकार का सामान वहीं फेंक गये तथा अलमारी में रखे नकद 57 हजार तथा तकरीबन साढे आठ लाख के जेबर लेकर चंपत हो गये। यहां गौरतलब यह भी है कि सुबह लगभग चार बजे के वक्त गांव का ही वीरेन्द्र अहिरवार दारू पीकर ग्रामीणों को गालियां बक रहा था तो प्रधान ने डायल 100 को फोन से सूचना दी थी और जब गाड़ी गांव पहुंची तो प्रधान को बुलाया गया। प्रधान ने अपनी पत्नी से पुलिस बालों के लिये चाय बनाने को कहा, जब पत्नी किचेन में गई तो उसने कमरे में सामान बिखरा देखा और अपने पति को बताया। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई, एसओ प्रभुनाथ, दरोगा बीएल आजाद तथा सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। जेबरों के खाली डिब्बे उन्हें दुवे के बगीचे में पड़े मिले। पुलिस फिलहाल इस चोरी को संदिग्ध बता रही है। मामला अज्ञात के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है।





Leave a comment