कोंच-उरई। कोंच का ऐतिहासिक गणेश महोत्सव बैसे तो अपनी तमाम विशेषताओं के लिये जाना जाता है लेकिन एक गणपति ऐसे भी प्रतिष्ठित किये गये हैं जिनकी सेवा में हिंदुओं से ज्यादा मुस्लिम किशोर दिन रात लगे हैं। इतना ही नहीं, वे किशोर बप्पा की आरती तथा प्रसाद वितरण में भी अपनी सहभागिता निभा रहे हैं। ये गणपति सांम्प्रदायिक सौहार्द की मिसाल बने हैं, इन किशोरों के परिजन भी इन्हें प्रोत्साहित करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। नदीगांव में भी पूरे उत्साह से गणपति महोत्सव जारी है। कोंच में चारों ओर गणपति महोत्सव की धूम मची है, कस्बे में लगभग आधा सैकड़ा स्थानों पर गणपति प्रतिमायें पधरवाई गई हैं। इन गणपति पंडालों में सुबह शाम आरती और अन्य धार्मिक आयोजन जारी हैं। इनसे हट कर यहां नईबस्ती के जवाहर नगर इलाके में अनिल व प्रमोद राठौर के समीप प्रतिष्ठापित गणपति ऐसे हैं जो लोगों को सांम्प्रदायिक सद्भाव का संदेश दे रहे हैं। इन गणपति की सेवा में हिंदुओं से ज्यादा मुस्लिम किशोर लगे हैं। सुबह और शाम की आरती में ये किशोर पूरी श्रद्घा और भक्ति के साथ शामिल होते हैं और प्रसाद वितरण में भी इन्होंने अपनी भूमिका सुरक्षित की है। इस पंडाल में प्रमुख रूप से लक्ष्मण राठौर, लला मंसूरी, शानू मंसूरी, राम राठौर, इरशाद मंसूरी, छोटू, रेहान मंसूरी, मुबारक मंसूरी, श्रेयांश अग्रवाल, धीरेन्द्र, बंटी, आमिर मंसूरी, गोलू, निहाल राठौर आदि सेवायत हैं। उधर, नदीगांव में भी गत बर्षों की भांति इस बर्ष भी अखिलेश मिश्रा के यहां गणपति की प्रतिमा प्रतिष्ठित की गई है। सुभाष तिराहे पर विराजे गणपति की पूजा अर्चना में युवाओं का जोश देखने लायक है। पुजारी सत्यनारायण दीक्षित द्वारा आरती की जाती है। अखिलेश, हिमांशु, किसनू, विकास पटैरया, अभय दीक्षित, दीपू आदि व्यवस्थायें देख रहे हैं। रीता, आराधना, माधुरी, शांति, प्रियंका, प्रिंसी आदि भजनों के द्वारा गणपति को प्रसन्न करने में लगी हैं।

Leave a comment