
उरई । गुजरी 26 अगस्त की रात कोंच कस्बे में पंचानन चौराहे के समीप एक व्यक्ति का सिर फोड़ कर बदमाशों ने उसकी बाइक लूट ली और चंपत हो गये। सिर में लाठी लगने के कारण व्यक्ति रात भर बेहोश पड़ा रहा, सुबह जब उसकी आंख खुली तो बाइक गायब थी। पीडि़त जालौन कोतवाली के ग्राम दहगुवां का रहने बाला है और यहां अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था। वह इतनी दहशत में रहा कि चार दिन बाद इस लूट की इत्तेला पुलिस को दे पाने की हिम्मत संजो पाया। गौरतलब यह है कि पंचानन पर पुलिस की पिकेट भी रहती है, आश्चर्य है कि इसके बाबजूद लूट जैसी संगीन वारदात हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दहगुवां का रहने बाला जितेन्द्र पुत्र रमेशचंद्र गुजरी 26 अगस्त की शाम लगभग सात बजे अपने गांव से कोंच के लिये निकला था। वह यहां ग्राम कुदारी में अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था। रात तकरीबन साढे नौ बजे वह कोंच के पंचानन चौराहे के समीप पहुंचा था। प्यासा होने के कारण उसने अपनी बाइक नं. यूपी 91–1838 (बीच में कुछ छूटा है जो पीडि़त को याद नहीं है) रोड किनारे खड़ी की और हैंडपंप पर पानी पीने के लिये जैसे ही झुका, उसके मुताबिक किसाी ने जोर से उसके सिर पर लाठी से वार किया जिससे वह बेहोश हो गया। रात भर वह वहीं पड़ा रहा। सुबह जब उसकी आंख खुली तो बाइक गायब थी। इस घटना से वह इतना दहशत में आ गया कि बिना पुलिस को सूचना दिये अपने गांव चला गया और वहीं मरहम पट्टी कराई। किसी तरह आज हिम्मत संजो कर वह कोतवाली इस लूट की सूचना देने आया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





Leave a comment