उरई। उत्तर मध्य रेलवे इलाहाबाद के महाप्रबंधक मूलचंद्र चौहान ने दो टूक कहा कि रेलवे ट्रैक की पेट्रोलिंग में लापरवाही मिलने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा। बाइक से होने वाली पेट्रोलिंग को गंभीर मानते हुए कहा कि ऐसी शिकायतों पर गंभीरता से एक्शन लिया जाएगा।
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के महाप्रबंधक (जीएम) मूलचंद्र चौहान ने आज झांसी मंडल के डीआरएम एके मिश्रा के साथ दो कोचों की स्पेशल टेªन से झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक के बीच पडने वाले स्टेशनों का निरीक्षण किया। उरई स्टेशन के निरीक्षण के दौरान सबसे पहले प्रथम श्रेणी विश्रामालय के निरीक्षण के दौरान टेबिल के पास स्टील की कुर्सियां रखवाने के निर्देश दिए। कैंटीन पर जनता खाना व रेलनीर के बारे में पूछताछ की। सरकुलेटिंग एरिया में पेड़ लगवाने के निर्देश दिए ताकि स्टेशन सुंदर दिखे। उरई स्टेशन दर्शाने वाले बोर्ड को भी ठीक करने के निर्देश दिए।
स्टेशन अधीक्षक के कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में महाप्रबंधक श्री चौहान ने कहा कि झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक का दोहरीकरण का काम देरी से चल रहा है। इसके बावजूद इसके 2020 तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि झांसी से पारीछा तक रेलवे विद्युतीकरण व दोहरीकरण का काम पूरा हो चुका है। अक्तूबर महीने में यहां तक ट्रेन संचालन का काम भी शुरु होने की संभावना है। इसके बाद जनवरी महीने में 25 किलोमीटर टै्रक का और भी काम पूरा हो जाएगा तो इसे भी चालू कर दिया जाएगा।
झांसी कानपुर सेक्शन में मेमू ट्रेन के संचालन के सवाल पर जीएम ने कहा कि कानपुर में मेमू शैड बनाने का काम चल रहा है। इसके बनने के बाद इस रूट की कनेक्टविटी इलाहाबाद व लखनऊ के लिए तेज हो जाएगी। यह काम अगले दो साल में पूरा होने की संभावना है। पुखरायां हादसे की जांच के सवाल पर कहा कि इस हादसे की जांच एनआईए (नेशनल इनवेस्टीगेशन एजेंसी) द्वारा की जा रही है। जब तक उसकी रिपोर्ट नहीं आती है। तब तक वह इस बारे में कुछ नहीं कह सकते हैं। भारतीय रेल खासतौर पर एनसीआर जोन में होने वाले रेल हादसे के सवाल पर महाप्रबंधक ने कहा कि हाल में ही एनसीआर में कैफियत हादसे में डंपर चालक द्वारा जानबूझकर डंपर ट्रेन से टकराने का मामला सामने आया है। ट्रेन चालक ने इस मामले में सूझबूझ दिखाई थी। लेकिन अब तक डंफर चालक की गिरफ्तारी न होने के कारण उन्होंने इस मामले में प्रदेश के एडीजी से वार्ता की है। उन्होंने जल्द डंपर चालक की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। इसके बाद ही इस मामले में कुछ कह सकते हैं। कर्मचारियों द्वारा बाइक से पेट्रोलिंग करने के सवाल पर कहा कि सिग्नल फेल्योर के मामले में कर्मचारी बाइक से जा सकते है लेकिन जब उनसे कहा गया कि ऐसे सबूत है कि पेट्रोलिंग में लापरवाही बरती जा रही है। जिसकी वजह से हादसे हो रहे है तो महाप्रबंधक ने कहा कि यदि ऐसा मामला संज्ञान में आता है तो वे निश्चित रुप से कठोर एक्शन लेंगे।
ग्वालियर बरौनी छपरा मेल को दिल्ली तक बढ़ाए जाने के सवाल पर कहा कि इस मामले को देखेंगे।
पेंशनरों ने जीएम से रखीं मांगें
गवर्नमेंट पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के जिला महामंत्री शिवराम तिवारी, राजेंद्र सिंह निरंजन ने जीएम को ज्ञापन देकर बताया कि उरई होते हुए इलाहाबाद, दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चलाई जाए ताकि यहां के लोगों को हाईकोर्ट, सुप्रीमकोर्ट आदि जाने में दिक्कत न हो। विकलांग कोच की तर्ज पर ट्रेनों में सीनियर सिटीजन कोच भी लगाया जाए ताकि बुजुर्ग सहूलियत से यात्रा कर सके। इसके अलावा झांसी लखनऊ के बीच रिवर्स इंटरसिटी का संचालन किया जाए। जीएम ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार का आश्वासन दिया।





Leave a comment