उरई। खेत मेें काम कर रही किशोरी को युवक ने बुरी नीयत से पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। लेकिन किशोरी ने साहस दिखाते हुए उसकी मनमानी नही चलने दी और जोर-जोर से चिल्लाकर लोगों को इकटठा कर लिया जिससे शोहदे को भागना पड़ा। कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उरकरा कलां में 15 वर्षीय किशोरी अपने खेत में थी तभी पीछे से गांव का ही राहुल पहुंच गया और उसने किशोरी को पकड़ लिया। पहले तो किशोरी उसकी हरकत पर हक्का-बक्का रह गई लेकिन इसके बाद गुस्से में उसने राहुल को धक्का मारकर दूर कर दिया और चिल्लाने लगी। जिससे लोग दौड़ पड़े और राहुल को उल्टे पैरों भागना पड़ा। मामले को लेकर कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार करने के लिए कई जगह दबिश डाली।

Leave a comment