उरई । इलाहाबाद बैंक की कुठौंद शाखा में हुए पौने 4 करोड के घोटाले में वांछित जालसाज़ आखिरकार साल भर बाद पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया । इस मामले में बैंक मैनेजर फरार है ।

पिछले डेढ़ दशक से जिले की लीड बैंक में दलालों का राज चल रहा है जो शराब और शबाब की व्यवस्था करके बैंक मैनेजरों को अपनी मुट्ठी में कर जालसाज़ी करते रहे हैं । 7 साल पहले इलाहाबाद बैंक की बाबई  शाखा में किसानों के खातों से करोड़ों रुपये निकाल लिए जाने के मामले में तत्कालीन प्रबंधक शेर सिंह को गिरफ्तार किया गया था जिसकी जेल के अंदर ही मौत हो गई थी । शेर सिंह को रंगरेलियों का शौकीन बना कर ब्लैकमेल किया गया था । इस महाघोटाले के बाद बैंक के अफसरों को सतर्क हो जाना चाहिये था लेकिन ऊँचे स्तर के बैंक अधिकारियों को भी इन दलालों का चस्का लग गया जिसकी नजीर बडागांव के पास मटर प्रोसेसिंग प्लांट के नाम पर एक जालसाज़ को 4 करोड़ रुपये का फाइनेंस किये जाने के रूप में सामने आई जिसमें बैंक का रुपया डूब गया ।

इसके बाद 2015 में कुठौद शाखा में तत्कालीन मैनेजर गंगाराम मौर्या द्वारा रनधीरपुर निवासी राजवीर सिंह के खाते में कई किसानों की रकम ट्रांसफर कर दिये जाने की जानकारी सामने में आई । अपने खातों से रकम उड़ जाने से सदमे के शिकार किसानों ने अधिकारियों के सामने रोना धोना किया लेकिन पहले उनके आँसुओं पर कोई नहीं पसीजा । बाद में विश्वनाथ शुक्ला की प्रभावी पैरवी की वजह से उनकी तहरीर पर गत वर्ष 23 सितंबर को कुठौंद थाने में अमानत में खयानत , धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज बनाने आदि जुर्म से संबंधित धाराओं में मुक़दमा दर्ज कर पुलिस ने जाँच की । पुलिस अधीक्षक अमरेन्द्र प्रताप ने बताया कि जाँच में पौने चार करोड़ के गबन की बात सामने आई है । इसमें बैंक मैनेजर गंगाराम मौर्य व उसके दलाल राजवीर सिंह के नाम प्रकाश में आए थे । राजवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे अदालत से रिमांड पर लिया जायेगा ताकि अग्रिम पूंछताछ हो सके । निलंबित बैंक मैनेजर गंगाराम मौर्य  की गिरफ़्तारी का प्रयास किया जा रहा है ।

उधर लीड बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक पुलक कुमार रॉय ने कहा कि बाबई और कुठौंद शाखा के मामले उनकी पोस्टिंग के पहले के हैं । बडागांव में मटर प्रोसेसिंग के कर्ज की वसूली के लिए हितग्राही की महोबा जिले में प्रॉपर्टी को  नीलाम कराने के लिए बैंक वहाँ के डी एम के संपर्क में है । उन्होने कहा कि इलाहाबाद बैंक में ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी को रोकने के लिए फुलप्रूफ इंतजाम किए जा रहे हैं ।

Leave a comment