उरई। उरई-राठ रोड पर मुहम्मदाबाद के पास सड़क पर पड़ी बालू में बाइक घिसट जाने से उसे चला रहा अधेड़ घायल होकर मरणासन्न हो गया। घायल डकोर थाने से संबद्ध होमगार्ड है। जानकारी मिलने पर डायल-100 की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर उसे संभाला और एंबुलेंस बुलवाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। डकोर थाने के ऐरी रमपुरा गांव का निवासी बृजमोहन (45वर्ष) उरई से बाइक लेकर अपने गांव जा रहा था। मुहम्मदाबाद मोड़ के पास उसकी बाइक सड़क पर फिसल गई। रफ्तार तेज होने के कारण हादसे में बृजमोहन लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देख आसपास के लोग दौड़े और उसे उठाकर पुलिस को खबर की। बृजमोहन डकोर थाने में होमगार्ड की डयूटी करता है। डायल-100 की गाड़ी ने उसे अस्पताल पहुंचवाने की व्यवस्था की। डाॅक्टरों ने अब उसकी स्थिति को स्थिर लेकिन खतरे से बाहर बताया है।

Leave a comment