उरई। शहर के बीचों बीच और गांधी महाविद्यालय के भवन में संचालित सेंट्रल बैंक में बैंक खुलने के साथ ही गत 21 जुलाई 2017 को पड़ी बमफोड़ डकैती का खुलासा आज शुक्रवार 8 सितंबर 17 को पुलिस द्वारा कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक इस बैंक डकैती में लूटे गये चार लाख 80 हजार रुपयों में से एक लाख 70 हजार रुपये की बरामदगी विभिन्न कथित डकैतों से कर ली गयी। पुलिस ने गिरफ्तार 6 अभियुक्तों से उक्त रकम के अतिरिक्त तमाम सोने-चांदी के जेबरात तथा असलहे बरामद होना भी बताया है। इस पर भी यह नहीं बताया गया कि बरामद जेवरात किस लूट से संबंधित हैं तथा पकड़े जाते समय कथित डकैत अभियुक्त इन्हें अपने पास क्यों रखे हुये थे। पुलिस लाइन सभाकक्ष में उक्त सेंट्रल बैंक डकैती का खुलासा पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह द्वारा किया गया। इस मौके पर प्रेस वार्ता में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारीगण तथा बैंक डकैती के खुलासे के लिये गठित की गयी पुलिस की विभिन्न टीमों के इंचार्ज व सदस्य मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक डकैती को उपलब्ध उक्त सेंट्रल बैंक भी शाखा में नियुक्त सफाई कर्मचारी प्रकाश बाल्मीकि का पुत्र संजय बाल्मीकि का डकैती डलवाने में प्रमुख हाथ रहा है। यह संजय अपने पिता के स्थान पर बैंक शाखा में सफाई का कार्य करता था। किंतु डकैती वाले दिन उसने बैंक शाखा भवन में मकड़ी के जाले छुड़ाने का काम किया जो उसने पहले कभी नहीं किया। संजय ने जाला हटाते समय बैंक के एक सीसीटीवी कैमरे का मुंह टेढ़ा कर दिया जो कि काउंटर की निगरानी करता था। जिसके बाद ही बैंक में डकैती डाली गयी। पुलिस ने प्रेस नोट में इसका उल्लेख नहीं किया है। संजय को लेकर यह उल्लेख जरूर है कि उसी ने डकैतों को एकत्रित किया और नगर पालिका का वेतन उस दिन बैंक में आने की बात साथी डकैतों को बता डकैती का पूरा प्लान तैयार करने में सहभागिता की तथा फिर प्लान के मुताबिक ही बम फोड़ डकैती कुछ ही मिनटों में अमल में ली गयी। पकड़े गये 5 अभियुक्त डकैतों के नाम निर्दोष राजपूत 26 वर्ष पुत्र चंद्रपाल राजपूत निवासी ग्राम खरका थाना डकोर, भूप सिंह 23 वर्ष पुत्र दयाराम पाल निवासी ग्राम ददरी थाना आटा जालौन, रामसरन राजपूत 38 वर्ष पुत्र गयाप्रसाद राजपूत निवासी ग्राम ऐंधा थाना कोटरा जालौन, संजय बाल्मीकि 28 वर्ष पुत्र प्रकाश बाल्मीकि निवासी ग्राम ऐर थाना डकोर जालौन, मनोज राजपूत 34 वर्ष पुत्र स्व. रंजीत निवासी ग्राम ऐंधा थाना कोटरा जालौन बताये गये हैं। जबकि सतेंद्र उर्फ सत्तू राजपूत पुत्र रामकरन बाबा निवासी ग्राम ददरी थाना आटा जालौन को फरार घोषित किया गया है। ज्ञात हो कि उक्त सेंट्रल बैंक की डकैती जनपद जालौन की ऐसी पहली घटना है जो इससे पूर्व कभी घटित नहीं हुयी हैं। देश के अन्य प्रदेशों तथा जनपदों में ही ऐसी घटनायें अब तक सुनी जाती थी। इस घटना ने इस तरह से जनपद जालौन का नाम शुमार भी बैंक डकैती हेतु प्रसिद्ध जनपदों में कर दिया है। उम्मीद तो यह भी कि पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से शीघ्र ही खुलासा कर लेगी। किंतु यह नहीं हुआ और समय-समय पर खुलासा होने जैसी किसी कथित डकैत के पकड़े जाने जैसी सूचनायें मीडिया को अपुष्ट रूप में मिलती रही। पुलिस को इस तरह खुलासे जैसा आरोप भी उस पर लग रहा हैं कहा जा रहा है कि यह खुलासा नाक बचाने के लिये अमल में आया है।







Leave a comment