उरई। दो वर्ष से मजदूरी न मिलने से गुस्साये मनरेगा मजदूरों ने आज ग्राम प्रधान व पंचायत मित्र की करतूतों के खिलाफ सिटी मजिस्ट्रेट का प्रार्थना पत्र दिया। विकास खंड कोंच के सिमिरिया ग्राम के मनरेगा मजदूरों ने सैकड़ों की संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी व्यथा सिटी मजिस्ट्रेट नत्थू प्रसाद पांडेय को बताई। कहा कि प्रधान और पंचायत मित्र दोनों की मिली भगत से उनके जाॅब कार्ड पर हाजिरी नही चढ़ाई जाती है। जिससे उनकी मजदूरी का भुगतान नही हो पा रहा है। चूंकि पंचायत मित्र प्रधान का पुत्र है जिससे दोनों मिले रहते हैं। दो वर्ष से मजदूरी न मिलने से उनके परिवार के लोगों का बुरा हाल है और भूखमरी की कगार पर पहुंच चुके हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रार्थना पत्र लेकर उन्हें प्रधान और पंचायत मित्र पर उचित कार्रवाई का अश्वासन दिया है। प्रार्थना पत्र देने वालों में गोविंद दास, महेंद्र, बारेलाल, करन सिंह, छोटेलाल, सुरेंद्र, लालसिंह, राघवेंद्र, भगवत शरण, राधा, राजेंद्र, चंद्रशेखर, गंगाराम, शहाबुददीन, रविंद्र कुमार, देवेंद्र कुमार, राधेलाल, आशाराम, कल्यान सिंह, गिरजा शंकर, रामेश्वर, मथुरा प्रसाद, कैलाश, गंगाराम आदि सैकड़ों की संख्या में मनरेगा मजदूर उपस्थित रहे।

Leave a comment