उरई। 21 सितंबर से नवरात्र का शुभारंभ हो रहा है। पर्व को देखते हुए तैयारियां भी जोरों से की जा रही है। वहीं, शहर के प्रमुख मंदिरों में भी साफ सफाई व सजावट का दौर शुरू हो गया है। मंदिरों की साफ सफाई के बाद मैया का दरबार सजाया गया। शनिवार से देवी मंदिरों में मैया के जयकारे गूंजेंगे। वहीं, घरों में भी महिलाएं तैयारी में व्यस्त रहीं। बाजारों में भी नवरात्र शुरू होने को लेकर खासी चहल, पहल शुरू हो गई है।
गौरतलब हो कि 21 से शारदीय नवरात्र प्रारंभ हो रहीं हैं। हिन्दू धर्म पर आस्था का पर्व नवरात्र पर लोग श्रद्धाभाव से नौ दिनों तक व्रत रहते हैं। इस दौरान विशेष पूजा अर्चना भी की जाती है। घरोें में लोग ज्वारे बोकर नौ दिनों तक देवी मां की सेवा करते हैं। नवरात्र को लेकर शुक्र वार को शहर के प्रमुख मंदिरों में तैयारियां होती रहीं। मां संकटा मंदिर, मां हुल्कीमाता मंदिर, काली माता मंदिर समेत इत्यादि मंदिरों में सुबह से ही साफ सफाई का कार्य शुरू हो गया। समिति के कार्यकर्ता मंदिरों को सजाने, संवारने में जुटे रहे। साफ सफाई के बाद देर शाम मंदिरों को झालरों से सजाया गया। वहीं, देर रात पुजारियों की मौजूदगी में मां का दरबार भी भव्यता के साथ सजाया गया। सारी तैयारियां पूरी होने के बाद मंदिरों के पाटों को बंद कर दिया गया। वहीं, घरों में भी नवरात्र को लेकर तैयारियां जोरों से की जाती रहीं। व्रत रहने वाली दिन भर तैयारियों में व्यस्त रहीं। बाजारों में पहुंचकर उन्होंने पूजा संबंधी सामग्री भी खरीदीं। इससे बाजारों में भी खासी भीड़भाड़ नजर आई।
मंदिरों में रहेंगे सुरक्षा के बदोबस्त
नवरात्र के अवसर पर शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की बड़ीसंख्या में भीड़ उमड़ती है। मौनी मंदिर, हुल्की माता मदिर, काली माता मंदिर में सुबह से ही महिला श्रद्धालुओं के आने का क्रम शुरू हो जाता है। इस दौरान अक्सर महिलाओं के साथ छेड़खानी की घटनाएं होती है। लिहाजा इस बार पुलिस प्रशासन ने महिलाओं को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए सुरक्षा के तगडे“ इंतजाम किए गए है। मंदिरों के आसपास पुरुष व महिला सिपाहियो की तैनाती रहेगी। इसके अलावा सादा वर्दी में भी महिलापुलिस कर्मी शोहदों पर नजर रखेंगे।
विशेष फलदायी होती नवरात्र पर पूजा
ज्योर्तिषाचार्य पंडित गौरव महाराज का कहना है कि नवरात्र पर पूजा का विशेष महत्व होता है। इस दौरान अनुष्ठानों का भी आयोजन कराया जाता है। विधि विधान से नवरात्र पर पूजा अर्चना होने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। इसके साथ नौ दिन व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को भी देवी मां का आशीर्वाद मिलता है।






Leave a comment