उरई। केंद्र की मोदी सरकार ने देश भर में किसानों की आय दूनी करने का अभियान छेड़ा है। जिसके लिए विभिन्न योजनाएं और कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। देश में किसानों के उत्थान के लिए किसी सरकार ने इतना काम पहले नही किया। यह दावा भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रगतिशील किसान सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए रामबाबू द्विवेदी ने किया। रामबाबू द्विवेदी किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हैं। उनके साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष संतोष सिंह भी थे। उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार द्वारा किसानों की कर्जमाफी सहित उनके कल्याण के लिए उठाये गये तमाम कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब किसान खुशहाल होगा तभी देश मजबूत हो सकता है। कार्यक्रम में सांसद भानुप्रताप वर्मा, माधौगढ़ क्षेत्र के विधायक एमसी निरंजन, कालपी क्षेत्र के विधायक एनपी सिंह, और उरई के विधायक गौरीशंकर भी मौजूद रहे। जिला संयोजक देवेंद्र सिंह यादव ने बेहतर उपज के लिए 25 प्रगतिशील किसानों का सम्मान कार्यक्रम में कराया।

Leave a comment