उरई। उरई-जालौन रोड पर कुकरगांव के पास सड़क जाम कर नवदुर्गा झांकी के नाम पर गुण्डागर्दी से चंदा वसूली कर रहे पांच युवक जालौन में तहसील दिवस के लिए उसी रास्ते से गुजर रहे डीएम, एसपी के हत्थे चढ़ गये। मंगलवार को सुबह जब जिलाधिकारी डाॅ. मन्नान अख्तर और पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह का काफिला तहसील दिवस के कार्यक्रम के लिए जालौन जा रहा था तभी कुकरगांव पर उन्हें बाइक सवार युवक गुण्डागर्दी करते दिखे जो वाहनों को रोक रहे थे। जिलाधिकारी के आदेश पर काफिला रोककर तत्काल युवकों की धरपकड़ शुरू कर दी गई। कई युवक भाग निकले लेकिन पांच उपद्रवियों को पकड़ लिया गया। जिन्हें बाद में जालौन ले जाकर कोतवाली के लाॅकप में डाल दिया गया। पकड़े गये आरोपियों में जेपी सिंह चैहान रूरा अडडू, अरुण कुमार, अभिषेक, पुष्पेंद्र और रोहित शामिल हैं। डीएम-एसपी ने कहा कि धार्मिक कार्यक्रमों के लिए जबर्दस्ती चंदा वसूली सहन नही की जायेगी। ऐसा करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।





Leave a comment