उरई। 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेश भर में स्वच्छता अभियान चलाकर सरकार की गति जनमानस को दिखाई जा रही है तांकि उसका जोश बरकरार रह सके। जालौन कस्बे में भी इस अभियान का असर अपने पूरे रंग पर है। गुरुवार को मोहल्ला चैधरयाना में भाजपा के नगर अध्यक्ष अनिल याज्ञिक ने अपनी टीम के साथ झाड़ू पकड़कर मीडिया के लिए दनादन फोटो खिचवाईं। जिससे सफाई उत्सव में चार चांद लग गये। उधर नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी ने पूर्व बार्ड सदस्यों के साथ बैठक करके उन्हें सफाई के मामले में नसीहतों की घुटटी पिलाई। भाजपा स्वच्छता अभियान को इन्ज्वाय करने वाले इवेंट के बतौर संचालित करने में लगी है। शायद स्थानीय निकाय चुनाव का माहौल बनाने की यह सबसे कारगर कवायद समझी जा रही है। भाजपाई भी पूरी तरह मुस्तैद हैं। गलियां और नालियां साफ हो या न हो लेकिन जब वे चमचमाते परिधान और नई झाड़ू लेकर सड़कों पर नमूदार होते है तो ऐसा एस्थेटिक सेंस लोगों में तारी होता है कि वे उसकी तरंग में मुग्धता के कारण बेसुध से हो जाते हैं। अनिल याज्ञिक के साथ राजू मिश्रा, रामू गुप्ता, धीरज प्रजापति, उपेंद्र गुर्जर, भानु शर्मा, गिरीश गुप्ता, संतोष राठौर और भानु यादव आदि ने भी अभियान की शोभा जमकर बढ़ाई। उधर सरकारी निर्देशों के कारण अधिशाषी अधिकारी महेश चंद्र उपाध्याय ने पूर्व बार्ड सदस्यों की बैठक में सफाई के लिए गला साफ करने में कोई कसर बाकी नही रखी। उन्होंने सफाई के लिए की गई व्यवस्थाओं का ऐसा खाका खींचा कि पूर्व बार्ड सदस्य निहाल हो गये। भले ही जमीनी स्थिति में काम के नाम पर हालत निल बटा निल हो। उन्होंने बताया कि डोर टू डोर कूड़ा उठाने के लिए रिक्शे चलवाये जा रहे हैं। नालियों से निकलने वाले कूडे को तत्काल उठवाने की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक दिन बारी-बारी से एक बार्ड को विशेष सफाई अभियान के लिए चुना जाता है। संबंधित बार्ड में उस दिन सारे सफाई कर्मचारियों की फौज तिनका-तिनका बटोरने के लिए कंूद पड़ती है। विशेष अभियान में नालियों में कीटनाशक दवाओं के छिड़काव के साथ-साथ फागिंग भी कराई जाती है। उपाध्याय जी ने पार्कों की सफाई की शेखी इस तरह बघारी कि पार्कों की नर्किस्तान छवि के अभ्यस्त लोग सुहावनी कल्पना से दंग हो गये। उन्होंने बताया कि अवैध होर्डिंग हटवाने के लिए वे समय रहते आगाह करना चाहते हैं। अगर स्वेच्छा से होर्डिंग नही हटाई जाती तो कड़ी कार्रवाई होगी। ईओ ने बताया कि 25 सितंबर, 9 अक्टूबर, 16 अक्टूबर और 23 अक्टूबर को नगर पालिका में विशेष कैंप लगेंगे, जिनमें जन्म-मृत्यु पंजीकरण के छूटे प्रमाणपत्र जारी किये जायेगे और शौचालय बनाने के आवेदन लिये जायेगें। उन्होंने सफाई व रोशनी संबंधी समस्या के बारे में लोगों से अपने हल्के के सफाई नायक को अवगत करायें। बैठक में सफाई निरीक्षक रविंद्र सलूजा, पूर्व बार्ड सदस्य शाकिर हसन वारसी, जितेंद्र वर्मा, राजकुमार, नरेश बाबू सोनी, धीरज कुशवाहा, कमलकांत दोहरे, रामजी वर्मा, भूरे वारसी, अकील शाह, परवेज रिफाकती, सादिक सौदागर और भाजपा के नगर अध्यक्ष अनिल याज्ञिक मौजूद थे।

Leave a comment