
रामपुरा-उरई । ग्राम पंचायत जगम्मनपुर में स्वच्छता अभियान को लेकर खुली बैठक संपन्न हुई जिसमे ग्रामीणों ने शपथ लेकर सफाई रखने का संकल्प लिया। ग्राम पंचायत भवन पर ग्राम प्रधान राहुल मिश्रा की अध्यक्षता एवं भाजपा नेता व व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय द्विवेदी की मुख्य उपस्थिति में एक बैठक संपन्न हुई जिसमे गांव के सैकड़ों लोगों ने सामूहिक रुप से शपथ लेकर संकल्प लिया कि वे अपने घर के आस-पास तथा मोहल्ले में साफ-सफाई रखेंगे । खुले में शौच नहीं जाएंगे । मौके पर उपस्थित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी ने आश्वस्त किया कि हर जरूरतमंद को शौचालय उपलब्ध कराया जाएगा ।
व्यापारी नेता विजय द्विवेदी ने कहा कि खुले में शौच जाना सामाजिक अपराध है । शासन की मंशा है कि किसी भी गांव मैं ऐसा कोई व्यक्ति न रहे जिसे शौचालय के अभाव में खुले में शौच जाना पड़े । उन्होंने कहा यदि कोई जानबूझकर खुले में शौच जाता है और शौचालय का इस्तेमाल नहीं करता तो उसकी मौलिक सुविधाएं समाप्त की जा सकती हैं जैसे राशन कार्ड , वृद्धा, विकलांग , विधवा पेंशन इत्यादि । उन्होंने कहा कि घर के सामने की नालियों को कूड़ादान न बनाएं । ग्राम प्रधान राहुल मिश्रा ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता ग्राम पंचायत की जितनी जिम्मेदारी है उससे कहीं अधिक यह दायित्व खुद ग्रामवासियों का है । हमें अपने अपने दरवाजे पर सफाई करके कूड़ा एक निश्चित स्थान पर डालना चाहिए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सभी सदस्य एवं अनेक सम्मानित लोग मौजूद थे ।







Leave a comment