उरई ।  जालौन  रोड पर ऊर्जा भवन के नाले की पुलिया के पास शव बरामद होने से सनसनी फैल गई । शव कई दिन पुराना हो जाने से भीषण बदबू देने लगा था जिससे लोगों को जानकारी हुई । पुलिस के पहुँचने के बाद पशुपालन विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में शव की शिनाख्त हो गई है ।

जालौन चुंगी के पास से गुजर रहे राहगीरों ने सोमवार की सुबह आस पास असहनीय दुर्गंध महसूस की गई जिसके बाद तलाश करने पर नाले के किनारे  लाश पड़ी मिली । खबर पाते ही प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र द्विवेदी ने मौके पर  पहुँच कर गहन पड़ताल की तो उसकी शिनाख्त महेश कुमार रायकवार ( 50 वर्ष ) के तौर पर हुई । मृतक मूल रूप से चिनहट आगरा  का रहने वाला था लेकिन कई वर्ष पहले पशुपालन विभाग में चपरासी की नौकरी लग जाने से यहाँ आ कर बस गया था । सुशील नगर मुहल्ले में उसका निजी मकान है ।

पुलिस को लोगों ने बताया कि मृतक शराब के नशे का आदी था । अंदाजा लगाया जा रहा है कि 3-4 दिन पहले वह नशे में पुलिया से नाले में गिर गया जिससे डूब कर उसकी मौत हो गई लेकिन किसी को यह जानकारी नहीं हो पायी । पुलिस ने परिजनों को बुलवा कर शव को पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

 

 

 

Leave a comment