उरई । मवेशियों को ले कर हुई कहासुनी के बाद ग्रामीण के घर में बदला लेने के लिए आग लगाये जाने की वजह से उसका गल्ला , भूसा और गृहस्थी का सारा सामान जल कर खाक हो गया । घटना को ले कर पुलिस में नामजद शिकायत की गई है ।
कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम कानाखेड़ा में बीती रात नंदू पाल के खेत में जयराम पाल ने स्कूल में खड़े मवेशियों को हांक कर घुसा दिया । जयराम की हरकत से अपनी फसल उजड़ती देख नंदू पाल नाराज हो कर बिगड़ गया जिससे दोनों के बीच काफी देर कहा सुनी हुई । किसी तरह गाँव वालों ने दोनों का शांत कर अपने – अपने घर में घुसा दिया । जब नंदू और उसका परिवार बाद में गहरी नींद में सोया हुआ था तो अचानक घर में चारों ओर उठती तेज लपटों की आँच से वे जाग पड़े और माजरा देख बदहवास हो कर दौड़ते हुए घर के बाहर निकल आए । इस बीच आस पास के तमाम लोग भी घर से बाहर निकल आए । गाँव वालों की सहायता से जब तक आग पर काबू हुआ तब तक उसकी पूरी गृहस्थी स्वाहा हो चुकी थी । नंदू ने इस मामले में जयराम के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है । उधर कदौरा क्षेत्र में ही ग्राम बागी में बिजली के शार्ट सर्किट की वजह से मुमताज खान के घर में आग लग जाने से लगभग 20 हजार रुपये का सामान जल गया ।






Leave a comment