
उरई । साथियों के साथ भेंसें चराने गया एक ग्यारह बर्षीय किशोर नहर में मरा पाया गया। मृतक के मुंह से खून निकलने एवं सिर में चोट को लेकर उसके पिता ने बेटे की हत्या की आशंका जताते हुये एक अधेड़ के खिलाफ तहरीर दी है जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की हकीकत क्या है इसे लेकर सीओ ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने की बात कही है। ग्रामीणों की चर्चा में यह मामला दुष्कर्म के बाद हत्या का होने से भी इंकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस को इस ऐंगिल पर भी पड़ताल करनी होगी।
शुक्रवार को ग्राम कैलिया का रहने बाला ग्यारह बर्षीय किशोर पवन पुत्र मिट्ठूलाल अपने बड़े भाई आशीष तथा अन्य मित्रों के साथ हार में भेंसें चराने गया था। दोपहर बाद पवन ने अपने भाई से कहा कि वह घर जाये, भेंसें वह चराता रहेगा और शाम को घर ले आयेगा। शाम लगभग पांच बजे जब पवन घर नहीं पहुंचा तो उसका भाई आशीष उसे देखने पहुंचा। आशीष ने देखा कि भेंसें तो चर रहीं हैं लेकिन पवन का कहीं अता पता नहीं है। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद आशीष भेंसें लेकर घर आ गया और पिता को सारी बात बताई। इसके बाद देर शाम पवन के अन्य परिजन उसे खोजने निकले और काफी देर बाद उन्हें गंदे नाले के किनारे पवन की चप्पलें मिलीं जबकि थोड़ी ही दूरी पर पवन गंदे नाले में औंधे मुंह पड़ा मिला । सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा भर कर पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया है। कैलिया एसओ प्रभुनाथ के मुताबिक मृतक के मुंह से खून निकलने के संकेत मिले हैं। पवन के पिता मिट्ठूलाल की तहरीर पर गांव के ही वनमाली पुत्र कम्मोद निवासी कैलिया के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 201 में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इधर, गांव में प्रत्यक्षदर्शियों की चर्चाओं के मुताबिक यह दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है क्योंकि जिसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है उसके चरित्र को लेकर ग्रामीणों की राय अच्छी नहीं है। सीओ रुक्मिणी वर्मा ने भी मौके का निरीक्षण किया है। मामला क्या है इसे लेकर उन्होंने कहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि घटना में क्या है।
हिंदुस्थान समाचार / केपी सिंह ।






Leave a comment