कोंच-उरई । बाइक से जा रहे एक गांव के प्रधान को मंडी गेट के सामने चार लोगों ने रोक कर उससे रंगदारी मांगी और जब उसने देने से इंकार किया तो उसकी मारपीट करते हुये धमकाया। प्रधान की तहरीर पर दो नामजद सहित चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। दूसरी ओर आरोपियों के अनुसार गांवदारी की रंजिश में उन्हें षड्यंत्र के तहत फंसाया गया है, उन पर लगाये गये आरोप पूरी तरह निराधार हैं।

ग्राम प्रधान क्योलारी महावीर पुत्र गोविंद दास गुजरी 6 अक्टूवर को बाइक से कोंच से अपने गांव की ओर जा रहे थे तभी मंडी गेट के सामने चार लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। बताया गया है कि उन चारों ने प्रधान से रंगदारी मांगी जिस पर प्रधान ने देने से इंकार कर दिया। आरोप है कि उन चारों लोगों ने प्रधान के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। प्रधान की तहरीर पर रजत उपाध्याय पुत्र राजेन्द्र उपाध्याय, सिप्पी पुत्र बड़े उपाध्याय निवासी क्योलारी हाल निवासी नया पटेल नगर कोंच तथा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 386, 323, 504, 506 में मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरी तरफ आरोपी रजत का कहना है कि उस पर लगाये गये आरोप पूरी तरह से मनगढंत हैं और गांवदारी की रंजिश में उसे झूठा फंसाया गया है। उसने उल्टे प्रधान पर आरोप जड़ा है कि 6 अक्टूवर को वह उनके घर आकर गाली गलौज कर गये और देख लेने की धमकी भी दे गये।

 

Leave a comment