उरई । आगामी 15 अक्तूबर को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है । रविवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जिलाधिकारी डॉ मन्नान अख्तर की अध्यक्षता में इसके लिए बैठक हुई जिसमें पुलिस अधीक्षक अमरेन्द्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे ।

जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल ने बताया कि परीक्षा 2 पालियों में होगी । सुबह की पाली में 10 बजे से साढ़े 12 बजे तक प्राथमिक स्तर के शिक्षकों की भर्ती के लिए परीक्षा होगी जिसमें 4934 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं । दूसरी पाली की परीक्षा 2.30 बजे अपराह्न से शाम 5 बजे तक होगी जिसमें 10448 परीक्षार्थियों को शामिल होना है । प्रथम पाली में 8 केंद्रों पर जबकि द्वितीय पाली की परीक्षा 16 केंद्रों पर आयोजित कराई जायेगी ।

सभी केंद्रों को 2 ज़ोन और 6 सेक्टरों में बांटा गया है । ज़ोन के इंचार्ज अपर जिलाधिकारी और सेक्टरों के इंचार्ज एस डी एम स्तर के अधिकारी बनाये गए हैं । परीक्षा के दौरान सुरक्षा  का भारी भरकम बंदोबस्त रहेगा । डी एम ने कहा कि बाहरी  तत्वों  को परीक्षा केंद्र पर नहीं फटकने दिया जायेगा । परीक्षा केंद्रों के बाहर भी कोई जमावड़ा नहीं होने दिया जायेगा । डी एम ने कहा कि शासन की मंशा है कि परीक्षा पूरी तरह नकल मुक्त हो जिसे सफल करने में प्रशासन कोई कोताही नहीं होने देगा ।

ये हैं परीक्षा केंद्र

राजकीय इंटर कालेज उरई , राजकीय बालिका इंटर कालेज उरई , मार्निंग स्टार चिल्ड्रन एकेडमी , विनायक एकेडमी , महर्षि विद्या मंदिर , गुरुकुलम , एस आर इंटर कालेज , जवाहर नवोदय विद्यालय , गांधी इंटर कालेज , डी ए वी , एल्ड्रिच एकेडमी , विनायक एकेडमी , सेक्रेड हार्ट , ए एन डी इंटर कालेज , आर्य कन्या , सनातन इंटर कालेज , आदर्श संस्कृत महाविद्यालय ।

परीक्षार्थियों को विशेष हिदायतें

इस बार परीक्षार्थियों के लिए कुछ विशेष हिदायतें जारी की गई हैं । हर परीक्षार्थी को बुनियादी प्रमाण पत्रों के साथ अंतिम परीक्षा का प्रमाण  भी ले कर आना होगा । बी टी सी की पहली साल पास कर चुके परीक्षार्थियों को परीक्षा के अवसर पर इसकी अंक सूची भी दिखानी होगी ।

 

Leave a comment