
कोंच-उरई । दिन रात देखे बिना बिजली विभाग के जो अल्प वेतन भोगी कर्मचारी आम जनता को उम्दा बिजली उपलब्ध कराने में लगे रहते हैं आज उन्हीं कर्मचारियों के समक्ष फाकाकशी की नौबत बनी है। पिछले तीन महीने से उन्हें वेतन नहीं मिलने के कारण आज वे करवा चौथ पर अपनी पत्नियों को गिफ्ट तक नहीं सकने की स्थिति में आ गये हैं। इस स्थिति को लेकर गुस्साये ये कर्मचारियों टूल डाउन हड़ताल पर चले गये थे जिससे बिजली सप्लाई पर असर पडऩा लाजिमी था लेकिन विधायक मूलचंद्र निरंजन के 12 अक्टूवर तक वेतन दिला देने के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल फिलहाल 12 अक्टूवर तक के लिये स्थगित कर दी है।

कर्मचारी कृष्णकुमार ने बताया है कि आज भोर करते करते तीन महीने गुजर गये और चौथा माह शुरू हो गया है लेकिन वेतन नहीं मिली। ऐसे में उनकी दीपावली कैसे मनेगी, यही सोच कर वे परेशान हैं। विद्युत वितरण उपखंड कोंच के कोंच, कैलिया और नदीगांव 33/11 केवी उपकेन्द्रों में लगभग सत्तर कर्मचारी अल्प वेतन भोगी के तौर पर काम करते हैं। इन्हें जून माह से वेतन नहीं दिया गया है जबकि नियमत: और पावर कारपोरेशन के स्पष्ट आदेशों के तहत हर महीने की दस तारीख तक इन्हें वेतन मिल जाना चाहिये। इस स्थिति को लेकर नाराज इन कर्मियों ने आज से अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू कर दी थी और नहर पावर हाउस पर धरने पर बैठ गये थे। इसी बीच विधायक को इनकी पीड़ा के बारे में जब जानकारी मिली तो वे बिजलीघर पहुंच गये और उन्होंने कर्मचारियों से सकारात्मक वार्ता कर हड़ताल खत्म करा दी। कर्मचारियों के मुताबिक विधायक ने 12 अक्टूवर तक वेतन दिलाने का भरोसा दिया है जिसके चलते हड़ताल फिलवक्त 12 तक के लिये स्थगित कर दी गई है। एसडीओ कौशलेन्द्र सिंह भी वार्ता के मध्य मौजूद रहे। इस दौरान अरविंद शुक्ला, देवेन्द्र डमडम, सनी, प्रदीप झा, सुरेन्द्र, शीतल, भगवानदास, रामप्रकाश कुशवाहा, अखिलेश, कमलेश, धीरज, विक्रमसिंह, धनपाल, रामकृष्ण, तिलक, गोपाल, छोटू, रामकेश, जितेन्द्र, अवधेश, कालिकाप्रसाद, जगदीश, प्रदीप गुप्ता, सूरजसिंह, हरिश्चंद्र, महेन्द्र सहित दर्जनों कर्मी मौजूद रहे।







Leave a comment