कोंच-उरई। आज मुंसिफी कोर्ट परिसर में उस समय अफरा तफरी मच गई जब कतिपय दबंगों ने वहां एक वकील के बस्ते पर जाकर उस पर हमला बोल दिया। इस अप्रत्याशित हमले हमलावरों ने वकील की मारपीट कर जेब में पड़े पांच हजार रुपये भी लूट लिये। वकील ने सिविल जज जूनियर डिवीजन को प्रार्थना पत्र देकर हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। पुलिस ने मामले को प्रधानी की रंजिश का बताया है और जांच कर कार्यवाही करने की बात कही है।
मिली जानकारी के मुताबिक आज दोपहर लगभग एक बजे अधिवक्ता राजेन्द्र प्रसाद उपाध्याय अपने बस्ते पर बैठे न्यायिक कार्य कर रहे थे। बताते हैं कि इसी बीच महावीरशरण उर्फ रामू पुत्र गोविंद सिंह, देवेन्द्र सिंह पुत्र महावीर शरण निवासीगण करहियापुर, ब्रजेन्द्रसिंह पुत्र रामेश्वर निवासी क्योलारी तथा दो अज्ञात लोग आये और वकील के साथ गाली गलौच करते हुये मारपीट शुरू कर दी। इस हमले से आक्रोशित वकीलों ने हमलावरों को दौड़ा लिया। वकील का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उसकी जेब में पड़े पांच हजार रुपये भी निकाल लिये और तमंचे लहराते हुये भाग गये। वकील राजेन्द्र प्रसाद ने डायल 100 को सूचना दे दी, साथ ही चूंकि मामला मुंसिफ न्यायालय परिसर का है सो राजेन्द्र ने जेएम को प्रार्थना पत्र देकर हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने मामला ग्राम प्रधानी की रंजिश का बताया है, साथ ही जांच कर कार्यवाही करने की बात कही है।






Leave a comment