उरई । शुक्रवार को राजकीय मेडिकल कालेज में फिर बबाल  भड़क गया । सुबह दीपावली की छुट्टी में घर जा रहे जूनियर डाक्टर को 15 -20 लोगों ने  बस से खींचकर बर्बरतापूर्वक मारा ।  घटना के बाद मेडिकल कालेज को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है । इस बीच मेडिकल कालेज में डाक्टरों ने  ओ पी डी बंद कर हड़ताल कर दी । वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर निगाह रखने के लिए कालेज में ही मौजूद हैं । घायल डाक्टर के मामले में अभी तक कोई प्राथमिकी नहीं दी गई है |

गौरतलब है कि गत 8 अक्तूबर की रात गोविंदम ढाबे से खाना खा कर लौट रहे कार सवारों की बाइक से जा रहे मेडिकल छात्रों के साथ कहा सुनी हो गई थी जिसके बाद कालेज के भीतर से दर्जनों छात्रों  ने बाहर आ कर आगजानी और फायरिंग की और कार में बैठे हिमांशु गुर्जर को खींच कर इतना मारा कि वह अभी भी आई सी यू में है । तभी से मेडिकल कालेज में अशांति का माहौल बना हुआ है ।

अब स्थिति धीरे धीरे सामान्य होने लगी थी । इस बीच आज हुई ताजा घटना में बस से अपने घर कानपुर जा रहे जूनियर डाक्टर विनय कुमार को हाईवे पर संकट मोचन मंदिर के पास पहले से घात लगाये हमलावर भीड़ ने नीचे उतार लिया और रोड़ , डंडो आदि से जमकर मारा । बाद में डायल 100 की जीप मौके पर पहुँची तब तक हमलावर फरार हो चुके थे । पुलिस ने विनय को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया था लेकिन अब उसे मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में रखा गया है । घटना के विरोध में मेडिकल कालेज के डाक्टरों और छात्रों ने हड़ताल कर दी । कई थानों का फोर्स मेडिकल कालेज पर तैनात किया गया है । कालेज में कर्फ़्यू जैसा माहौल है ।  सिटी मजिस्ट्रेट एनपी पाण्डेय , एस डी एम सदर अक्षय त्रिपाठी और सी ओ  मौके पर मौजूद रह कर स्थिति पर कड़ी निगाह बनाये हुए हैं ।

 

Leave a comment