
आटा-उरई:- देवेंद्र तिवारी
भारतीय स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा में कर्मचारियों की कमी से लोग परेशान हो रहे है । जमा निकासी में घंटों का समय लग रहा है । कारण स्थानांतरण के बाद स्टाफ का टोटा हैं।
दो माह बीत जाने के बाद भी शाखा में स्थानांतरित कर्मचारियों के स्थान पर कर्मचारी पदस्थ नहीं किए गए, जिससे बैंक के कामकाज में बाधा आ रही है और उपभोक्ताओं को जमा निकासी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । बैंक कर्मचारी राकेश त्रिपाठी का स्थानांतरण हो गया, सहायक पद पर कार्यरत सन्तराम रूबी सेवानिवृत्त हो गए एवं अनिल तिवारी का अन्य बैंक में चयन हो जाने से तीन कर्मचारी यहां से चले गए, जिनके स्थान पर एक कर्मचारी शंकर शुक्ला को भेजा गया है । अन्य दो पद खाली होने से यहां पर आने वाले क्षेत्रीय उपभोक्ताओं को भारी परेशानी होती हैं । बैंक में सबसे अधिक लोग आधार कार्ड लिंक कराने आ रहे हैं । वहीं किसानों को सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का लाभ स्टाफ के अभाव में नहीं मिल पा रहा है, अगर बैंक में पर्याप्त स्टाफ नियुक्त हो जाये तो लोगों की दिक्कतें दूर हो ।
दिन-दिन भर काउंटरों पर लोगों की भीड़ लगी रहती है । किसान हाकिम सिंह, अनिल तिवारी, वीरेंद्र तिवारी, कृपाल पांचाल, संतोष दुबे व भाजपा नेता रवींद्र तिवारी ने मांग की है कि कर्मचारियों की नियुक्ति शीघ्र करायी जाये, जिससे लोगों को जमा निकासी करने में परेशानी न हो।






Leave a comment