
कालपी (उरई )। दीपावली त्यौहार के मौके पर क्षेत्रीय ग्राम प्रधान गांवों में खुलने वाले जुआ व वाद विवाद के मामलों में सजगता बरतें। उनके गांवों में ऐसा कोई काम न हो जिससे शांति व्यवस्था भंग होने की संभावना बनें और पुलिस को बेवजह कार्रवाई के लिये विवश होना पड़े। उक्त बात प्रभारी थानाध्यक्ष लखन सिंह ने पीस कमेटी की बैठक के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि हर त्यौहार हम सभी को एक ही संदेश देता है कि समाज में भाईचारा व शांति कायम रहे और एक दूसरे के सुख दुख में हम सभी एक दूसरे का सहयोग करें। लेकिन दीपावली त्यौहार के बारे में एक कुरीति समाज में लंबे समय से विद्यमान जुआ खेलने की रही है। इस कुरीति को जागरूकता के जरिया ही खत्म किया जा सकता है। इसके लिये हमारे क्षेत्र के ग्राम प्रधान अपने गांवों में जुआ के फड़ संचालित न होने दें। क्योंकि जुआ के फड़ों से ही वाद विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने पीस कमेटी की बैठक में आये सभी प्रधानों से अनुरोध किया कि वह त्यौहार पर शांति व्यवस्था बनाये रखने में पुलिस का सहयोग करें।






Leave a comment