उरई। दबंग कोटेदार ने राशन लेने आए क्षेत्र पंचायत सदस्य को भी नहीं बख्शा । उसने बिना राशन दिये क्षेत्र पंचायत सदस्य को दुत्कारना चाहा लेकिन जब वह राशन लेने पर अड़ा रहा तो कोटेदार ने जातिसूचक शब्दों के साथ उसे अपमानित करते हुए लात घूँसा और जूतों से पीट डाला । पीड़ित क्षेत्र पंचायत सदस्य ने कोटेदार के ख़िलाफ़ थाने में शिकायत दे दी है ।
कुठौंद थाने के ग्राम नवासी निवासी राजेन्द्र कुमार क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं । उनके गाँव की राशन की दुकान आज कल दौनापुर के कोटेदार गंभीर सिंह की दुकान से संबद्ध है । इसलिये सोमवार को वे दौनापुर में कोटेदार के यहाँ अपना राशन लेने गए जहाँ उनकी कोटेदार से झड़प हो गई । कोटेदार उन्हे राशन देने से मना करने लगा । राजेन्द्र कुमार ने उसकी मनमानी का विरोध किया तो वह तैश में आ गया और उसने राजेन्द्र को जातिसूचक शब्दों के साथ गालियाँ देनी शुरू कर दीं । राजेन्द्र ने इस पर उसे कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी तो वह आपे से बाहर हो गया और उसे पीटने लगा । लोगों ने किसी तरह बीच विचाव कर उसे बचाया । बाद में राजेन्द्र कुमार ने कोटेदार के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज कराने के लिए कुठौंद थाने में तहरीर दी । थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने आरोपी के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है ।






Leave a comment